Bihar News : गया जंक्शन पर RPF और GRP की बड़ी कार्रवाई, 23.3 किलो पॉपी हस्क के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : गया जंक्शन पर दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 23 किलोग्राम पॉपी हस्क पाउडर बरामद किया गया है....पढ़िए आगे

पॉपी हस्क बरामद - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गया जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। प्लेटफॉर्म नंबर 1B से गश्त के दौरान दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ पॉपी हस्क (अफीम का डोडा चूरा) बरामद किया गया है।

आगामी पितृपक्ष मेले के मद्देनजर गया जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी दौरान सीपीडीएस, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म नंबर 1B पर गश्त कर रही थी। जांच के दौरान दिल्ली छोर की तरफ दो युवक पिट्ठू बैग के साथ संदेहास्पद स्थिति में बैठे मिले, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने उन्हें हिरासत में लिया।

सुरक्षा बल द्वारा की गई पूछताछ और तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पिट्ठू बैग से कुल 4 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में 23 किलो 396 ग्राम पॉपी हस्क पाउडर भरा हुआ था। जब्त किए गए इस मादक पदार्थ की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग 3 लाख 50 हजार 940 रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान समस्तीपुर निवासी सुजीत कुमार और छपरा निवासी अभिषेक कुमार यादव के रूप में हुई है। कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों तस्करों ने स्वीकार किया कि वे इस नशीले पदार्थ की खेप को झारखंड के चतरा जिले से खरीदकर पटना ले जाने की फिराक में गया पहुंचे थे।

इस मामले में जीआरपी गया थाना में कांड संख्या 237/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8(c), 15(b) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मनोज की रिपोर्ट