पूर्वजों की प्रतिमाओं का अनावरण कर भावुक हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी: कहा— 'माता-पिता से बड़ा कोई भगवान नहीं'

केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शुक्रवार को महकार स्थित अपने पैतृक आवास पर पूर्वजों की प्रतिमाओं का अनावरण किया। इस दौरान वे अपने बचपन के दिनों और माता-पिता को याद कर काफी भावुक हो गए.....

पूर्वजों की प्रतिमाओं का अनावरण कर भावुक हुए मांझी- फोटो : प्रेम

Gayaji : जिले के अतरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत महकार स्थित अपने पैतृक आवास पर केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री जीतन राम मांझी ने शुक्रवार को अपने पूर्वजों की प्रतिमाओं का अनावरण किया। इस अत्यंत भावुक क्षण के दौरान उनके पुत्र और बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के वरिष्ठ नेता, विधायक, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में प्रबुद्ध सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। अपने माता-पिता और परिजनों की प्रतिमाओं का अनावरण करते हुए केंद्रीय मंत्री अपने आंसू नहीं रोक पाए और पूरा माहौल अत्यंत भावुक हो गया।


माता-पिता के संघर्ष को किया याद, बताया साक्षात भगवान

प्रतिमा अनावरण के बाद जनसमूह को संबोधित करते हुए जीतन राम मांझी ने कहा कि इस दुनिया में माता-पिता से बड़ा कोई भगवान नहीं होता। उन्होंने भावुक मन से कहा कि ईश्वर को साक्षात किसी ने नहीं देखा, लेकिन माता-पिता ही हमारे सामने साक्षात भगवान के रूप हैं। उन्होंने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा कि उनके माता-पिता ने कठिन मजदूरी करके उन्हें पढ़ाया-लिखाया। आज वे मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री के पद तक जो भी सफर तय कर पाए हैं, वह केवल और केवल उनके पूर्वजों के त्याग, तपस्या और आशीर्वाद का ही प्रतिफल है।


छोटे भाई के योगदान को किया नमन, साझा किए संघर्ष के दिन

केंद्रीय मंत्री ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों, विशेषकर अपने छोटे भाई के अद्वितीय योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राजनीति के शुरुआती दिनों में जब लोग उनका उपहास उड़ाते थे और उनका मजाक बनाते थे, तब उनके छोटे भाई ने हमेशा एक चट्टान की तरह खड़े रहकर उनका हौसला बढ़ाया। अपने पूर्वजों और छोटे भाई के इसी योगदान को सदैव के लिए अमर बनाने के उद्देश्य से उन्होंने गृह क्षेत्र में इन प्रतिमाओं की स्थापना कराई है ताकि आने वाली पीढ़ियां भी परिवार और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा ले सकें।


बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए की जीत का दावा और राजद पर प्रतिक्रिया

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए केंद्रीय मंत्री ने राजनीतिक सवालों के भी बेबाकी से जवाब दिए। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) उम्मीदवार की भारी मतों से जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सूबे की डबल इंजन सरकार बिहार के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर समर्पित है। वहीं, राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने उन्हें एक ईमानदार और समर्पित नेता बताया और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।


दक्षिण बिहार में सूखे की समस्या का स्थायी समाधान और गया में मरीन ड्राइव का वादा

दक्षिण बिहार में सूखे की गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए जीतन राम मांझी ने कहा कि यद्यपि यह एक प्राकृतिक आपदा है, लेकिन सरकार इसके स्थायी समाधान के लिए सोन नदी के पानी को फल्गु नदी तक लाने की महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि गया के निकट बैराज निर्माण और व्यापक नहर परियोजना के पूरा होने से पूरे क्षेत्र को सूखे से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जिस तर्ज पर पटना में गंगा नदी के किनारे मरीन ड्राइव का निर्माण हुआ है, उसी तर्ज पर भविष्य में गया में भी शानदार मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा।


प्रेम की रिपोर्ट