Bihar Weather: बिहार के मौसम में बदलाव का दौर जारी, चलने लगी है सर्द हवाएं, इन 15 जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है। इस गिरावट के साथ-साथ बिहार में घना कोहरा भी छाने की आशंका है, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी।
Bihar Weather:दिसंबर की शुरुआत के साथ ही बिहार में ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। सूबे में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है। इस गिरावट के साथ-साथ घना कोहरा भी छाने की आशंका है, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी। विभाग के अनुसार बिहार के 15 जिलों में कोहरे का कहर दिख सकता है। पटना, दरभंगा, मधेपुरा, वैशाली, कटिहार, जहानाबाद, शेखपुरा, भागलपुर, कैमूर, बक्सर, जमुई, किशनगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर और पश्चिम चंपारण में कोहरा छाने की संभावना है। इससे दृश्यता कम हो जाएगी और सड़क पर चलने वाले वाहनों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 दिसंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बिहार में ठंड बढ़ेगी।मौसम विभाग ने यह भी कहा कि बिहार के कुछ जिलों जैसे कटिहार, मधेपुरा, वैशाली, बक्सर, कैमूर, भागलपुर, जहानाबाद, पटना, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में कोहरे का दौर जारी रहेगा।बुधवार की सुबह राज्य के कई हिस्सों में कोहरे का दृश्य देखा गया, जिससे ठंड का अहसास और बढ़ गया। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से तापमान में कुछ बदलाव आ सकता है।
बिहार में ठंडी हवाओं के कारण लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार सर्दी कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। दिसंबर मध्य से जनवरी तक बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। राज्य के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहता है। विजिबिलिटी कम होने से वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।आने वाले दिनों में राज्य के विभिन्न शहरों में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। सूबे में शाम छह से आठ बजे के बीच तापमान पांच से सात डिग्री सेल्सियस गिर जा रहा है। रात दस बजे के बाद तापमान काफी गिर जा रहा है. सुबह आठ बजे तक खासी ठंड रह रही है।