Bihar News: विदेश में गोपालगंज के मरीन इंजीनियर की मौत से मातम, परिजनों ने मिसाइल हमले में जान जाने का किया दावा, इलाके में कोहराम
भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के जिला संयोजक संजय गुप्ता के पुत्र की विदेश में मौत हो गई है।..
Bihar News: गोपालगंज जिले के थावे प्रखंड से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। थावे के व्यवसायी एवं भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के जिला संयोजक संजय गुप्ता के पुत्र रोहन कुमार उर्फ सोनू गुप्ता की विदेश में मौत हो गई है। इस खबर के बाद परिवार पर ग़म का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा है, जबकि पूरे थावे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। हालांकि, मौत के कारण को लेकर परिजनों ने जो दावा किया है, उसकी आधिकारिक पुष्टि अभी संबंधित एजेंसियों की ओर से नहीं हुई है।
मृतक के छोटे भाई आलोक कुमार के अनुसार, रोहन कुमार मर्चेंट नेवी में मरीन इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। परिवार का कहना है कि वह एडीएनओसी (ADNOC) से जुड़ी एक कंपनी में नौकरी कर रहे थे और ड्यूटी के दौरान उनका जहाज सऊदी अरब के समुद्री क्षेत्र में मौजूद था।
परिजनों का दावा है कि उन्हें कंपनी की ओर से पहले फोन कर यह जानकारी दी गई कि मिसाइल हमले में रोहन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इसके करीब एक घंटे बाद दोबारा कॉल आया, जिसमें उनकी मौत की सूचना दी गई। परिवार का आरोप है कि यह घटना ईरान के हमले के दौरान हुई। हालांकि, इस दावे की अब तक किसी आधिकारिक एजेंसी या संबंधित कंपनी की ओर से पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीत्कार और कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हैं और रिश्तेदारों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की भीड़ लगातार उनके घर पहुंच रही है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप कुमार गिरी उर्फ मंटू गिरी ने रोहन की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बताया कि घटना की खबर मिलते ही स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया।
फिलहाल परिवार अपने बेटे के पार्थिव शरीर के भारत लाए जाने का इंतजार कर रहा है। स्थानीय लोगों ने केंद्र और राज्य सरकार से आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी कर शव को स्वदेश लाने में मदद करने की मांग की है।मौत की असल वजह और घटना की परिस्थितियों को लेकर अभी कई सवाल बाकी हैं। परिजनों ने मिसाइल हमले में मौत का दावा किया है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी होना शेष है। ऐसे में संबंधित कंपनी और सरकारी एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद ही इस पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा