नीतीश सेतु नहीं गुरु गोविंद सिंह के नाम पर होना था पुल नामकरण... तेजस्वी का खुलासा अपनी ही घोषणा से पलटी बिहार सरकार

कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नामकरण नीतीश सेतु करने पर तेजस्वी ने कहा है कि वे इसका नामकरण अक्षयवट राय के नाम पर करने की मांग किये थे तब बिहार सरकर ने कहा था कि गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर पुल का नाम होगा

Nitish Setu
Nitish Setu- फोटो : news4nation

Bihar News :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को बिहार दौरे से ठीक पहले कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के नामकरण को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखने की घोषणा के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि पहले इस पुल का नामकरण स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर करने की मांग उठाई गई थी। बाद में बिहार सरकार ने विधानसभा में जवाब दिया था कि पुल का नाम दशम सिख गुरु गुरु गोविंद सिंह के नाम पर करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बावजूद अब इसका नाम एक जीवित व्यक्ति के नाम पर कर दिया गया है।


तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर नीतीश सेतु के नामकरण और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम पर भी निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'फोटोजीवी' बताते हुए आरोप लगाया कि जिस पुल के निर्माण में केंद्र सरकार का कोई आर्थिक योगदान नहीं रहा, उसका उद्घाटन कर प्रधानमंत्री केवल अपने नाम का शिलापट्ट लगवाना चाहते हैं।


जनवरी में तेजस्वी में की मांग

तेजस्वी यादव की ओर से साझा किए गए दस्तावेजों के मुताबिक, 29 जनवरी 2026 को उन्होंने बिहार विधानसभा में गैर-सरकारी संकल्प के माध्यम से कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नामकरण वैशाली के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर करने की मांग उठाई थी। इस संबंध में उन्होंने विधानसभा के प्रभारी सचिव को पत्र भी लिखा था। इसके बाद 27 फरवरी 2026 को विधानसभा के दूसरे सत्र के लिए तेजस्वी यादव का गैर-सरकारी संकल्प संख्या 65/2026 दर्ज किया गया। इसमें भी पुल का नाम अक्षयवट राय सेतु करने की मांग रखी गई थी।


सरकार ने गुरु गोविंद सिंह का नाम सुझाया 

तेजस्वी यादव ने जो दूसरा सरकारी दस्तावेज साझा किया है, उसमें बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग की ओर से इस मांग पर जवाब दिया गया था। विभाग के 10 फरवरी 2026 के पत्र में कहा गया था कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन सेतु का नामकरण दशम सिख गुरु गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर करने के लिए पूर्व में ही विभाग को प्रतिवेदन प्राप्त हो चुका है। प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

यानी फरवरी में सरकार की ओर से विधानसभा को दिए गए जवाब में पुल का नाम गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर करने की बात कही गई थी। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखने की घोषणा कर दी है। इसी बदलाव को लेकर तेजस्वी यादव ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं।


नीतीश कुमार की सहमति का भी किया जिक्र

तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहमति थी कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम इस क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार पूर्णरूपेण अचेत अवस्था में चले गए, तब उन्होंने विधानसभा में गैर-सरकारी संकल्प के माध्यम से दोबारा यह मांग उठाई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब पुल का नाम एक ऐसे जीवित व्यक्ति के नाम पर कर दिया गया है, जिनकी राजनीति बीजेपी दफन कर चुकी है। तेजस्वी का यह बयान नीतीश कुमार के राजनीतिक भविष्य को लेकर भी कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।


पीएम मोदी के उद्घाटन कार्यक्रम पर निशाना

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर के बिहार दौरे और पुल के उद्घाटन कार्यक्रम पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पुल का उद्घाटन करीब एक वर्ष दो महीने पहले ही हो चुका है और इस पर वाहनों का परिचालन भी शुरू है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री दोबारा इसका उद्घाटन करने आ रहे हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि इस पुल के निर्माण और निर्णय में केंद्र सरकार का एक फूटी कौड़ी का भी योगदान नहीं रहा है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री वैशाली और राघोपुर की ऐतिहासिक धरती पर खड़े होकर इस पुल के साथ तस्वीर खिंचवाना चाहते हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने प्रधानमंत्री को 'फोटोजीवी' कहकर निशाना साधा।