Bihar News : गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने सुनी लोगों की फरियाद, ठग एजेंटों और भू-माफियाओं को दी कड़ी चेतावनी
GOPALGANJ : गोपालगंज में पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल की गई। कटेया थाना परिसर में पुलिस-पब्लिक संवाद गोष्ठी और जनता दरबार का आयोजन किया गया, जहां एसपी विनय तिवारी ने खुद मौजूद रहकर आम लोगों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं। गोपालगंज पुलिस की इस पहल के तहत आयोजित जनता दरबार में दूर-दराज़ के गांवों से भी लोग पहुंचे। पहले से जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सूचना दी गई थी कि थाना परिसर में जनता दरबार लगेगा, जहां हर तरह की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। नतीजा - लोग अपनी शिकायतें, सुझाव और प्रस्ताव लेकर सीधे एसपी के सामने पहुंचे। जनता दरबार में कई मामलों का मौके पर ही निवारण किया गया।
एसपी ने थानाध्यक्ष को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हो। ट्रैफिक समस्या, आपसी विवाद, थाना से जुड़ी शिकायतें, और जमीन विवाद जैसे मामलों पर विस्तार से सुनवाई की गई। एसपी विनय तिवारी ने कहा कि जनता की सेवा ही पुलिस की पहली प्राथमिकता है। सरकार के “सात निश्चय” कार्यक्रम की भावना के अनुरूप पुलिस अब जनता के दरबार तक पहुंच रही है, ताकि लोगों को जिला मुख्यालय आने में परेशानी न हो। एसपी ने स्पष्ट किया कि जमीन विवाद में पुलिस की भूमिका सीमित होती है। पुलिस यह तय नहीं कर सकती कि जमीन किसकी है, लेकिन शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। यदि कोई पक्ष बल प्रयोग कर कानून तोड़ने की कोशिश करेगा, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों के निष्पादन के लिए अंचल अधिकारी द्वारा शनिवार को की जा रही कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया।
जनता दरबार में विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले एजेंटों के खिलाफ भी शिकायतें मिलीं। एसपी ने ऐसे मामलों में त्वरित जांच और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष, सर्किल इंस्पेक्टर और एसडीपीओ को इन मामलों की मॉनिटरिंग करने को कहा गया। लोगों ने ट्रैफिक जाम और स्थानीय अव्यवस्था की समस्या भी उठाई।
एसपी ने कहा कि इन सामूहिक समस्याओं पर प्राथमिकता से काम होगा और स्थायी समाधान निकाला जाएगा। एसपी ने बताया कि बैकुंठपुर, भोरे, विजयीपुर जैसे दूरस्थ इलाकों में भी थाना स्तर पर जनता दरबार लगाया जाएगा, ताकि लोगों को लंबी दूरी तय कर जिला मुख्यालय न आना पड़े। कटेया थाना में लगा यह जनता दरबार न सिर्फ समस्याओं के समाधान का मंच बना, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की नई कड़ी भी जोड़ गया। साफ संदेश-पुलिस अब जनता के और करीब, जनता के द्वार।
नमो नारायण की रिपोर्ट