Bihar News : गोपालगंज में खाद-बीज की अधिक कीमत वसूलने पर कृषि विभाग ने की कार्रवाई, दुकानदार पर एफआईआर का दिया निर्देश
Bihar News :गोपालगंज किसानों से खाद और बीज की निर्धारित कीमत से अधिक वसूली करने वाले दुकानदारों की अब खैर नहीं। किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
GOPALGANJ : जिले में किसानों से खाद और बीज की निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने वाले दुकानदारों के खिलाफ जिला कृषि विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। किसानों की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए बैकुंठपुर प्रखंड के कृतपुरा बाजार स्थित 'कुंदन खाद-बीज भंडार' पर छापेमारी की। जिला कृषि पदाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर दुकान के स्टॉक और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की।
छापेमारी और जांच की कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद कई किसानों से भी पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए। किसानों ने निर्धारित दर से अधिक कीमत लिए जाने की शिकायत की पुष्टि की। किसानों के बयान और मौके पर मिली अनियमितताओं के आधार पर जिला कृषि पदाधिकारी ने संबंधित दुकान के संचालक के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने का निर्देश दिया।
विभाग के निर्देश के आलोक में दुकान संचालक पर कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाने में लिखित आवेदन भी दे दिया गया है। इस अचानक हुई छापेमारी से क्षेत्र के अन्य खाद-बीज विक्रेताओं में भी हड़कंप मच गया है। इस मामले पर जिला कृषि पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों को सरकार द्वारा तय की गई दर पर ही खाद और बीज उपलब्ध कराना कृषि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि मुनाफाखोरी या कालाबाजारी करने वाले किसी भी दुकानदार को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि पूरे जिले में खाद और बीज की दुकानों पर सघन जांच और छापेमारी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। निर्धारित मूल्य से अधिक पैसा वसूलने वाले दुकानदारों की पहचान कर उनके लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नमो नारायण की रिपोर्ट