Nitish Setu Poster Vandalism: राघोपुर बीडीओ की शिकायत पर 11 नामजद समेत 150 अज्ञात पर केस दर्ज, 3 आरोपी जेल भेजे गए, पुलिस की भूमिका पर सवाल

नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य नेताओं के पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है.रुस्तमपुर थाना में 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

नीतीश सेतु पर पोस्टर फाड़ने के मामले में बड़ी कार्रवाई, FIR दर्ज और 3 गिरफ्तार- फोटो : news 4 nation

नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य नेताओं के पोस्टर फाड़े जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। राघोपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के बयान पर रुस्तमपुर थाना में 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार भी किया है और पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


लोकार्पण के बाद झंडे लेकर सेतु पर पहुंचे युवक

जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश सेतु का लोकार्पण किया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दर्जनों युवक और बच्चे हाथों में राजद का झंडा लेकर सेतु पर पहुंच गए और लालू प्रसाद यादव व तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी करने लगे।


पोस्टर फाड़ने और वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

इसी दौरान कुछ युवकों ने सेतु पर लगाए गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़ दिए। इस दौरान अपशब्दों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने पूरी घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा और कुछ युवाओं ने उस पर गाना लगाकर रील भी बना ली।


वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान जारी

रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने बताया कि बीडीओ के बयान पर दर्ज प्राथमिकी के बाद तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है और पहचान होने के बाद उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कार्यक्रम स्थल से नीतीश सेतु तक जाने वाले मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी और मजिस्ट्रेट तैनात थे, लेकिन उनके रवाना होने के तुरंत बाद दर्जनों युवक व बच्चे सेतु पर पहुंचे और पोस्टर फाड़ने लगे।


पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पोस्टर फाड़े गए, लेकिन वे इसे रोक नहीं सके और वायरल वीडियो में भी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी दिखने की बात कही जा रही है। लोगों ने पूरे मामले के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।