Bihar News : कैमूर पुलिस ने 45 लाख रूपये का हेरोइन किया जब्त, मौके से बुजुर्ग तस्कर को किया गिरफ्तार

Bihar News : पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डहला मोड़ के पास त्वरित कार्रवाई करते हुए 300 ग्राम हेरोइन (नशीला पदार्थ) के साथ एक बुजुर्ग तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

45 लाख का हेरोइन जब्त - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : बिहार के कैमूर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डहला मोड़ के पास त्वरित कार्रवाई करते हुए 300 ग्राम हेरोइन के साथ एक बुजुर्ग तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। जप्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत बाजार में काफी अधिक आंकी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर की सुबह करीब 10:35 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डहला मोड़ के पास स्थित एनएच-19 के किनारे एक बुजुर्ग व्यक्ति अपने झोले में अवैध हेरोइन रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार तुरंत एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम ने बताए गए स्थान यानी एनएच-19 के किनारे स्थित एक चाय की दुकान के पास छापेमारी की। इस दौरान लाल रंग का कपड़ा पहने और हाथ में सफेद झोला लेकर बैठे एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि पर नजर पड़ी। पुलिस को अपनी ओर आते देख उसने वहाँ से भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस बल ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पकड़े गए व्यक्ति की जब तलाशी ली गई, तो उसके पास मौजूद सफेद झोले के अंदर से काले रंग की प्लास्टिक पॉलीथिन बरामद हुई। जब उस पॉलीथिन की जाँच की गई, तो उसमें से कुल 300 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ मिला। पुलिस ने मौके से नशीले पदार्थ को जप्त कर लिया। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रूपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के महासुआ गाँव निवासी मुराहु प्रजापति के रूप में की गई है, जो वर्तमान में भभुआ शहर के वार्ड संख्या 20 स्थित अहीरान मोहल्ले में रह रहा था। इस मामले में दुर्गावती थाना कांड संख्या 505/26 दर्ज किया गया है और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8(C)/21(C) के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई और खुलासे की आधिकारिक जानकारी मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह तस्कर इस अवैध खेਪ को कहाँ से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई करने की योजना थी।

देवब्रत की रिपोर्ट