मुम्बई के रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजने के विरोध पर भड़के केन्द्रीय मंत्री चिराग, कहा-क्षेत्रवाद और बंटवारे की राजनीति करती आई है मनसे

मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजने का मनसे द्वारा विरोध करने पर केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा है कि छठ किसी एक क्षेत्र या दायरे में बंधा हुआ लोक आस्था का महापर्व नहीं है.....

मुम्बई के रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजने के विरोध पर भड़के के
मनसे के विरोध पर चिराग पासवान की तीखी प्रतिक्रिया- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के भोजपुरी गीत बजाए जाने और मनसे (राज ठाकरे गुट) द्वारा इसके विरोध व तोड़फोड़ किए जाने के मामले पर लोजपा (आर) सुप्रीमो व केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मनसे हमेशा से क्षेत्रवाद और बंटवारे की राजनीति करती आई है, जिसका वे कभी समर्थन नहीं करते।


छठ किसी एक क्षेत्र या दायरे में बंधा हुआ लोक आस्था का महापर्व नहीं 

हाजीपुर मे मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ किसी एक क्षेत्र या दायरे में बंधा हुआ लोक आस्था का महापर्व नहीं है, बल्कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है। ऐसे विरोधियों की खुद की राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है और वे अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए ऐसी ओछी हरकतें करते हैं। उन्होंने कहा कि यूपी-बिहार के लोग देश के हर कोने में रहकर अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं और देश में किसी भी राज्य में रहने व व्यवसाय करने की पूरी स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी छठ महापर्व बहुत भव्यता से मनाया जा रहा है, इसलिए ऐसी छोटी राजनीतिक सोच से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीति में हर बात पर बेवजह विरोध जताना और बिना किसी ठोस मुद्दे के हंगामा खड़ा करना विपक्ष की आदत बन चुकी है।


विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार, लेकिन तुच्छ कारणों से व्यवधान डालना गलत: चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री ने देश में चल रहे विभिन्न राजनीतिक घटनाक्रमों और विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना और विरोध जताना हर नागरिक व दल का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन केवल पब्लिसिटी या तुच्छ कारणों के चलते हर रोज हंगामा खड़ा करना पूरी तरह से अनुचित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता विकास चाहती है और देश को आगे बढ़ाने वाले सकारात्मक प्रयासों के साथ खड़ी है, न कि राजनीति से प्रेरित विरोध के साथ।


युवाओं की ऊर्जा और देश के विकास पर दिया जोर, विकसित भारत के संकल्प को बताया सर्वोपरि

चिराग पासवान ने देश के युवाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत का युवा हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है और देश की प्रगति में अपनी अहम भागीदारी निभा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का मुख्य फोकस देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और 2047 तक 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने पर है। उन्होंने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे विभिन्न कदमों का भी जिक्र किया।


उत्तर प्रदेश चुनाव और संगठन विस्तार को लेकर भी दिए बड़े संकेत

आगामी चुनावी रणनीतियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने और देश के अन्य राज्यों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी अपनी नीतियों और सिद्धांतों के साथ जनता के बीच जा रही है और जहां भी जरूरत होगी, वहां संगठन पूरी मजबूती के साथ अपनी स्वतंत्र भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है।


मीडिया और जनता से संवाद स्थापित करते हुए विकास की राजनीति को आगे बढ़ाने की अपील

चिराग पासवान ने मीडिया के माध्यम से आम जनता से अपील की कि वे सकारात्मक राजनीति और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी और एनडीए गठबंधन जनता के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रहा है। पत्रकारों के तीखे और समसामयिक सवालों के जवाब देकर उन्होंने अपनी राजनीतिक स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट किया।


रिषभ की रिपोर्ट