Bihar News : गया जंक्शन पर रेल पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, लाखों रूपये के गांजे के साथ महिला तस्कर को किया गिरफ्तार

Bihar News : गया जंक्शन पर RPF और GRP की संयुक्त टीम ने एक महिला को 12 किलो 756 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।

Bihar News : गया जंक्शन पर रेल पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, ला
महिला गिरफ्तार - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया  जंक्शन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 12 किलो 756 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 6 लाख 37 हजार 800 रुपये बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को गया रेलवे स्टेशन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि धनबाद से शकूरबस्ती जाने वाली ट्रेन संख्या 03639 अप एक्सप्रेस से गांजे की तस्करी की जा रही है।

सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट गया, अपराध आसूचना शाखा और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन के पहुंचते ही जनरल कोच में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक युवती के पास मौजूद झोले से गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार महिला की पहचान 22 वर्षीय छोटी कुमारी, पिता गोपाल कहार, निवासी सोनाडीह, थाना करगहर, जिला रोहतास के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान झोले से गांजे के कुल 12 बंडल बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 12 किलो 756 ग्राम पाया गया।

पूछताछ में महिला ने बताया कि वह पैसों के लालच में ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर बिहार के सासाराम जा रही थी। इस मामले में जब्त गांजे के साथ महिला को गिरफ्तार कर जीआरपी थाना गया लाया गया। जहां आरपीएफ के उपनिरीक्षक धीरेंद्र कुमार के लिखित आवेदन पर जीआरपी थाना में कांड संख्या 285/26, दिनांक 14 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b)(ii)B के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

मनोज की रिपोर्ट