अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत, बहन के घर से लौटने के दौरान हुआ हादसा

कैमूर जिले में रफ्तार के कहर ने एक महिला की जान ले ली। जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई.....

अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत- फोटो : देवव्रत

Kaimoor : जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भरखर काली मां मंदिर के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान कुदरा थाना क्षेत्र के घरी गांव निवासी मनोज चौधरी की पत्नी अंजू देवी (उम्र लगभग 28 से 30 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि अंजू देवी अपनी बहन के गांव बहदुरा गई हुई थी और वहां से बाइक से वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान भरखर मंदिर के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।


गंभीर हालत में अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर

टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला बाइक से गिरकर सड़क पर बुरी तरह घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से लहूलुहान अवस्था में महिला को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया ले जाया गया। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. अभय कुमार ने बताया कि जब महिला को लाया गया, तो उसके सिर में काफी गंभीर चोटें (सीवियर हेड इंजरी) आई थीं और वह अचेत अवस्था में थी। चिकित्सकों ने तुरंत ऑक्सीजन, सक्शन व जरूरी दवाइयां देकर प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक चिकित्सा के तुरंत बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


हायर सेंटर ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम, परिजनों में कोहराम

अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाने के क्रम में बीच रास्ते में ही महिला की सांसें थम गईं और उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद बदहवास परिजन शव को लेकर वापस अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया पहुंचे। इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया और मृतका के परिवार में मातमी सन्नाटा पसर गया। पति मनोज चौधरी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


पुलिस को दी गई सूचना, विधिक कार्रवाई में जुटी मोहनिया थाना पुलिस

घटना के बाद परिजनों द्वारा स्थानीय मोहनिया थाना पुलिस को हादसे की लिखित सूचना दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन तथा उसके चालक की पहचान और तलाश में जुट गई है।


देवव्रत की रिपोर्ट