Bihar News : बिहार में स्कूल परिसरों में बनेंगे आंगनबाड़ी केंद्र, ग्रामीण विकास और शिक्षा विभाग की पहल से मजबूत होगी प्रारंभिक शिक्षा की नींव

Bihar News : अब राज्य के सभी सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालय परिसरों में आंगनबाड़ी केंद्रों के स्थायी, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भवनों का निर्माण कराया जाएगा......पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार में स्कूल परिसरों में बनेंगे आंगनबाड़ी के
सरकार की पहल - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विकास और प्रारंभिक शिक्षा की नींव को अधिक मजबूत करने के लिए राज्य सरकार के स्तर से बड़ी पहल की गई है। इसके तहत अब राज्य के सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालय परिसरों में आंगनबाड़ी केंद्रों के स्थायी, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग और शिक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से निर्देश जारी किया है। जारी निर्देश के अनुसार, विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना से स्कूल परिसरों में आंगनबाड़ी भवन बनाए जाएंगे। ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सरकार का मुख्य मकसद आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के साथ सह-अवस्थित (को-लोकेटेड) करना है, ताकि छोटे बच्चों को पोषण और देखभाल के साथ-साथ औपचारिक स्कूल शिक्षा से आसानी से जोड़ा जा सके। यह व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप है।

स्कूल की जमीन पर आंगनबाड़ी 

जिन क्षेत्रों में आंगनबाड़ी भवन के लिए अलग से सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां स्कूल परिसर की उपयुक्त जमीन पर निर्माण होगा। विशेष परिस्थितियों में ही (सुरक्षा जांच के बाद) पहली मंजिल पर कमरे बनाकर भूतल के कमरे को आंगनबाड़ी के लिए उपयोग में लाया जाएगा। निर्माण को तेजी से पूरा करने के लिए जिला स्तर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, आईसीडीएस के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंताओं को बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है।

सभी डीइओ और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को जारी हुए निर्देश

ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकारी स्कूलों में आंगनबाड़ी केंद्र भवन के निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला स्तर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आइसीडीएस) और संबंधित कार्यपालक अभियंताओं के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब को रोकने के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) समय पर निर्गत करने और निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने पर विशेष बल दिया गया है। इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों-सह-जिला कार्यक्रम समन्वयकों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए राज्य में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आधारभूत संरचना का तेजी से विकास किया जा सके।

ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा 

सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के सुदृढ़ भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वीबी-जी राम जी योजना के तहत सरकारी विद्यालय परिसरों में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा। इससे न केवल उपलब्ध सरकारी संसाधनों का बेहतर और अधिकतम उपयोग संभव होगा, बल्कि ग्रामीण बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और गुणवत्तापूर्ण शुरुआती शिक्षा एक ही स्थान पर मिल सकेगी। आंगनबाड़ी से औपचारिक स्कूली शिक्षा में बच्चों का प्रवेश भी बहुत सहज हो जाएगा। हमारी सरकार समयबद्ध तरीके से इन भवनों का निर्माण पूरा कराकर ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का काम कर रही है।