कटिहार के 20 मॉडल स्कूलों में पढ़ाएंगे 20 अधिकारी, डीएम की इस पहल को पूरे बिहार में लागू करेगी सरकार

कटिहार जिले में प्रशासनिक अधिकारियों को अध्यापन की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नई व्यवस्था के तहत सभी नामित अधिकारी सप्ताह में एक दिन अपने-अपने आवंटित मॉडल स्कूल में जाकर बच्चों की क्लास लेंगे.....

शिक्षक बने अधिकारी- फोटो : श्याम

Katihar : जिले के 20 मॉडल स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 20 प्रशासनिक अधिकारियों को अध्यापन की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नई व्यवस्था के तहत सभी नामित अधिकारी सप्ताह में एक दिन अपने-अपने आवंटित मॉडल स्कूल में जाकर बच्चों की क्लास लेंगे। इस दौरान अधिकारी केवल पाठ ही नहीं पढ़ाएंगे, बल्कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन का गहन अध्ययन करेंगे और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित भी करेंगे।


माहेश्वरी एकेडमी में अधिकारियों ने ली क्लास, बच्चों का बढ़ाया उत्साह 

इसी कड़ी में जिले के सरस्वती विद्या निकेतन माहेश्वरी एकेडमी मॉडल स्कूल में पठन-पाठन कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया गया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं बीडीओ राहुल कुमार सिंह ने खुद विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों की क्लास ली और उन्हें शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कक्षाओं में बच्चों से सीधे संवाद स्थापित किया और उनके विषयों से जुड़े सवालों पर चर्चा करते हुए उनका मार्गदर्शन किया।


शिक्षक की भूमिका में गौरवान्वित महसूस कर रहे अधिकारी 

क्लास लेने के उपरांत बीडीओ राहुल कुमार सिंह ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक शिक्षक की भूमिका में कार्य करना उनके लिए बेहद गौरव का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को उनकी व्यक्तिगत रुचि और पसंद के अनुसार सही दिशा दिखाना ही प्रशासनिक टीम का मुख्य लक्ष्य है। अधिकारियों द्वारा दिए जा रहे इस मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में पढ़ाई और अपने सपनों को पूरा करने के प्रति नया उत्साह देखने को मिल रहा है।


प्रदर्शन के अध्ययन के साथ बच्चों को मिलेगा मार्गदर्शन 

इस पहल का मुख्य उद्देश्य मॉडल स्कूलों में पढ़ाई के स्तर को ऊंचा उठाना और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को गति देना है। अधिकारी नियमित अंतराल पर बच्चों के सीखने की क्षमता, उनकी उपस्थिति और परीक्षा में उनके प्रदर्शन का विश्लेषण करेंगे। कमजोर विषयों में सुधार के उपाय बताने के साथ-साथ अधिकारी बच्चों को भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर विकल्पों के बारे में भी महत्वपूर्ण टिप्स देंगे।


पूरे राज्य में लागू होगा कटिहार का यह इनोवेटिव मॉडल 

मामले की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि जिले के 20 मॉडल स्कूलों में अधिकारियों द्वारा शिक्षण कार्य की प्रक्रिया सफलतापूर्वक शुरू हो चुकी है। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि कटिहार की इस अभिनव पहल की सराहना पूरे बिहार में हो रही है। इस मॉडल की सफलता को देखते हुए अब बिहार सरकार भी इस फार्मूले को राज्य के सभी जिलों के स्कूलों में लागू करने की योजना बना रही है।

श्याम की रिपोर्ट