वैशाली में ही क्यों हुआ NDA सरकार के 1 साल पूरे होने का कार्यक्रम? पीएम मोदी ने मंच से खोला राज
वैशाली की जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बिहार की मिट्टी को नमन किया और कहा कि लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया गया है। उन्होंने 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र के साथ बिहार को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
Bihar News : दुनिया को लोकतंत्र की ताकत का संदेश देने वाली वैशाली की ऐतिहासिक धरती शनिवार को बिहार के विकास के एक बड़े आयोजन की साक्षी बनी। छठ महापर्व के संपन्न होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां से विकास का नया संकल्प दोहराया। उन्होंने वैशाली को इस आयोजन के लिए चुने जाने की वजह बताते हुए कहा कि लोकतंत्र की महान धरती से बिहार की विकास यात्रा को नई गति देने का संदेश दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि छठी मैया के आशीर्वाद से आज बिहार में विकास का पर्व मनाया जा रहा है। एनडीए सरकार के मौजूदा कार्यकाल का बिहार में एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर यह आयोजन किया गया है।
वैशाली की जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बिहार की मिट्टी को नमन किया और कहा कि लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया गया है। उन्होंने 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र के साथ बिहार को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। पीएम ने कहा कि वैशाली केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए लोकतांत्रिक परंपरा और विरासत का प्रतीक है। इसलिए विकास के इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए इससे बेहतर स्थान नहीं हो सकता था।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में मिला सुशासन का भरोसा
प्रधानमंत्री ने बिहार की राजनीतिक और विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार की जनता ने उम्मीद और विश्वास के साथ एक नई सरकार चुनी थी। इसके बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य को सुशासन का नया भरोसा मिला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने लंबे समय तक मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा की है। अब राज्यपाल और जनता के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम इस विकास अभियान को आगे बढ़ा रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि इसी विकास यात्रा के तहत आज वैशाली की धरती से हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इन योजनाओं से बिहार में सड़क, बिजली, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य और शहरी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
नीतीश सेतु को बताया सेवा और समर्पण का प्रतीक
गंगा नदी पर बने छह लेन के आधुनिक नीतीश सेतु को जनता को समर्पित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पुल का नाम नीतीश कुमार के सम्मान में रखा गया है। यह बिहार की जनता की ओर से उनके सेवा और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि इस पुल के बनने से पटना और वैशाली के बीच दूरी और आवागमन की कठिनाइयां कम होंगी। अब किसानों के लिए अपनी फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। युवाओं को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज के लिए आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री ने इसे केवल एक पुल नहीं, बल्कि बिहार के लोगों के जीवन को आसान बनाने वाला विकास का माध्यम बताया।
करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बना 19.7 किलोमीटर लंबा यह छह लेन का पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क बेहतर होगा और महात्मा गांधी सेतु तथा जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
रामविलास पासवान के सपनों का भी किया जिक्र
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने दिवंगत रामविलास पासवान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि उनके मित्र रामविलास पासवान की आत्मा जहां भी होगी, वह आज हम सभी पर फूलों की वर्षा कर रही होगी, क्योंकि उनके सपनों को भी पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।