Bihar News : भागलपुर में मछली मारने के विवाद में बदमाशों ने वृद्ध को मारी गोली, इलाके में मचा हड़कंप

Bihar News : भागलपुर में मछली मारने और जलकर उखाड़ने के बाद पानी पी रहे वृद्ध मटरु शर्मा उर्फ बुद्धदेव शर्मा को अपराधियों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया।

Bihar News : भागलपुर में मछली मारने के विवाद में बदमाशों ने
वृद्ध को मारी गोली - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के आजमाबाद गांव में जलकर विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है। मछली मारने और जलकर उखाड़ने के बाद पानी पी रहे वृद्ध मटरु शर्मा उर्फ बुद्धदेव शर्मा को अपराधियों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया। गोली उनके पैर में लगी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, आजमाबाद निवासी मटरु शर्मा उर्फ बुद्धदेव शर्मा मछली मारने के बाद जलकर के पास पानी पी रहे थे। इसी दौरान पीछे से गोली चलाई गई, जो उनके पैर में जा लगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रंगरा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

घायल मटरु शर्मा ने बताया कि मंदिर के पास स्थित जलकर को लेकर पिछले एक वर्ष से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि पिछले कई दिनों से गांव के कुछ लोग गोलीबारी कर उन्हें धमका रहे थे। घायल ने गोली मारने का आरोप जयप्रकाश शर्मा, भीम मंडल, संजय मंडल, रघु मंडल और प्रकाश मंडल पर लगाया हैं। बताया जा रहा है कि घटना पकड़ा के आसपास हुई।

घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना इंस्पेक्टर रविशंकर सिंह और दरोगा संजीव राउत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गोलीबारी के पीछे जलकर विवाद और नामजद आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

बालमुकुंद कुमार की रिपोर्ट