Bihar Crime : कटिहार में 65 वर्षीय पुजारी हीरालाल मंडल की बेरहमी से हत्या, श्मशान घाट में फंदे से लटका मिला शव

Bihar Crime : बिहार के कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खरसोता गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मंदिर के 65 वर्षीय पुजारी हीरालाल मंडल की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

पुजारी का शव बरामद - फोटो : SOCIAL MEDIA

KATIHAR : कटिहार के आजमनगर थाना क्षेत्र के खरसोता पंचायत के खरसोता गांव में 65 वर्षीय पुजारी हीरालाल मंडल की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आज  सुबह उनका शव नरकटिया श्मशान घाट में फंदे से लटका हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर परिजनों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद ग्रामीणों ने आजमनगर पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही आजमनगर थानाध्यक्ष नीरज कुमार और बारसोई डीएसपी मंगलेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक जांच टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और खून के नमूने भी एकत्र किए। 

बताया जाता है कि मृतक हीरालाल मंडल गांव के समीप स्थित मंदिर में पूजा-पाठ करने के साथ भजन-कीर्तन किया करते थे। मृतक की पत्नी तिलो देवी ने बताया कि हीरालाल मंडल रोज की तरह रविवार को भी लोहा पुल के नजदीक मंदिर के बगल में भजन-कीर्तन करने गए थे। रविवार की रात से ही वह लापता थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। सोमवार की सुबह ग्रामीणों से श्मशान घाट में शव मिलने की सूचना मिली।

परिजनों ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने चाकू से गोदकर और जीभ काटकर उनकी बेरहमी से हत्या कर  शव को फंदे से लटका दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। इस संबंध में बारसोई डीएसपी मंगलेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम से जांच कराई जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से अनुसंधान कर रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

श्याम की रिपोर्ट