Bihar News : कटिहार में थाने से हथकड़ी लगा आरोपी हुआ फरार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, 4 घंटे की मशक्कत के बाद हुआ गिरफ्तार
Bihar News : कटिहार के आजमनगर थाने में हिरासत के दौरान हथकड़ी लगा एक आरोपी पुलिस बल को चकमा देकर चकमा देकर फरार हो गया। हालाँकि बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया........पढ़िए आगे
KATIHAR : जिले के आजमनगर थाना परिसर से पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाने वाली घटना सामने आई है। थाने में हिरासत के दौरान हथकड़ी लगा एक आरोपी पुलिस बल को चकमा देकर चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के गायब होते ही थाना परिसर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उसकी तलाश के लिए नाकाबंदी की गई। मिली जानकारी के मुताबिक, आजमनगर पुलिस किसी मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर थाने आई थी। आरोपी के हाथों में हथकड़ी लगी हुई थी, इसके बावजूद वह पुलिसकर्मियों की ढिलाई का फायदा उठाकर थाने जैसी सुरक्षित जगह से भाग निकला। इस घटना ने पुलिस अभिरक्षा की चौकसी और निगरानी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी।
घटना के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की, लेकिन शुरुआती घंटों में उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। आखिरकार करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत और स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता के बाद पुलिस को सफलता मिली। आरोपी को आजमनगर दुर्गा स्थान के समीप स्थित सब्जी मंडी के पास से दोबारा धर दबोचा गया।
आरोपी की सुरक्षित गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है, लेकिन इस घटना ने स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा तंत्र को लेकर भारी आक्रोश और संशय पैदा कर दिया है। क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि जब हथकड़ी लगा आरोपी पुलिस थाने से आसानी से भाग सकता है, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
फिलहाल पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार किए गए आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच कस्टडी में ले लिया है और उसके खिलाफ अभिरक्षा से भागने की अतिरिक्त धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, थाना परिसर से आरोपी के भागने के मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने के लिए विभागीय जांच की बात कही जा रही है।
श्याम की रिपोर्ट