Bihar News : कटिहार में हनुमान मंदिर में युवक ने जोड़े हाथ, फिर पुजारी के कुर्ते से उड़ाए साढ़े तीन हजार रूपये, CCTV में कैद हुई वारदात

Bihar News : कटिहार के मिर्चाईबारी चौक स्थित हनुमान मंदिर में पूजा के दौरान चोरी की घटना सामने आई है. जहाँ शातिर चोर ने पुजारी के कुर्ते से 3500 रूपये गायब कर दिए.........पढ़िए आगे

मंदिर में चोरी - फोटो : SHYAM

KATIHAR : बिहार के कटिहार जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम मिर्चाईबारी चौक स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना उस समय हुई जब मंदिर के मुख्य पुजारी नियमित पूजा-पाठ में लीन थे। मंदिर परिसर में हुई इस घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में काफी आक्रोश व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदिर के पुजारी मनोज झा गर्भगृह के भीतर भगवान की पूजा कर रहे थे। उसी दौरान एक अज्ञात युवक मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। उसने पहले तो बेहद शातिराना अंदाज में भगवान की प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर ढोंग किया और चारों तरफ नजर दौड़ाई। जैसे ही उसे मौका मिला, उसने मंदिर की दीवार पर टंगे पुजारी के कुर्ते की जेब में रखे करीब 3,500 रुपये नकद निकाले और वहां से रफूचक्कर हो गया।

पूजा संपन्न होने के बाद जब पुजारी मनोज झा ने अपना कुर्ता देखा तो उसमें से नकदी गायब मिली। संदेह होने पर जब मंदिर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो पूरी वारदात का खुलासा हो गया। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि युवक किस तरह हाथ जोड़ने का नाटक करता है और फिर बड़ी सफाई से चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाता है।

पुजारी मनोज झा ने बताया कि मिर्चाईबारी हनुमान मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी के कारण पहले भी कई बार छोटी-मोटी चोरियां हो चुकी हैं। इससे पूर्व भी मंदिर परिसर से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की साइकिलें तथा अन्य कीमती सामान गायब होते रहे हैं। बार-बार हो रही इन घटनाओं से मंदिर की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और दोषी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, मामले को लेकर फिलहाल पुलिस स्टेशन में कोई औपचारिक या लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार करना चाहिए।

श्याम की रिपोर्ट