Bihar News : कटिहार में मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News : कटिहार-बरौनी रेलखंड के कुरसेला रेलवे स्टेशन पर कटिहार से बरौनी की ओर जा रही एक मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही युवक का शव दो टुकड़ों में बंट गया.......पढ़िए आगे

युवक की मौत - फोटो : SHYAM

KATIHAR : कटिहार-बरौनी रेलखंड स्थित कुरसेला रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया है। कटिहार से बरौनी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौके पर ही कटकर मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का शव दो टुकड़ों में बंट गया। इस घटना के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को मालगाड़ी कुरसेला रेलवे स्टेशन के मुख्य ट्रैक से होकर बरौनी की दिशा में गुजर रही थी। उसी दौरान अचानक एक युवक मालगाड़ी के सामने आ गया। जब तक कोई कुछ समझ पाता या चेतावनी दे पाता, तब तक युवक ट्रेन की चपेट में आ चुका था। ट्रेन दुर्घटना की सूचना फैलते ही स्टेशन पर मौजूद रेल यात्रियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी सूचना रेलवे प्रशासन व स्टेशन मास्टर को दी। रेलवे प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जानकारी शासकीय रेल पुलिस (GRP) को सौंपी। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम बिना किसी देरी के घटनास्थल पर पहुंची और पूरी स्थिति का जायजा लेते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की।

जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मृतक युवक की पहचान के प्रयास जारी हैं तथा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस इस पहलू की भी सघन जांच कर रही है कि यह महज एक दुर्घटना थी या आत्महत्या का मामला। हादसे के कारण कुछ समय के लिए स्टेशन पर लोगों का मजमा लगा रहा, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर हटाया।

श्याम की रिपोर्ट