Bihar News : कटिहार में छठ घाट की खुदाई के दौरान निकली भगवान कृष्ण की मूर्ति, दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
Bihar News : जमीन की खुदाई हुई और निकल आई भगवान कृष्ण की मूर्ति, देखते ही देखते मौके पर जुट गई श्रद्धालुओं की भीड़.....पढ़िए आगे
KATIHAR : कटिहार के दौलत राम चौक स्थित जेके गोला परिसर में कृत्रिम छठ घाट निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से भगवान कृष्ण की एक मूर्ति निकली है। लोक आस्था के महापर्व छठ के लिए घाट के विस्तार का काम चल रहा था, तभी मजदूरों की नजर इस मूर्ति पर पड़ी। मूर्ति बाहर निकलते ही यह खबर आग की तरह पूरे शहर में फैल गई और देखते ही देखते मौके पर दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई।
मूर्ति मिलने की इस घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह बात चर्चा का विषय बनी हुई है कि दुर्गा पूजा के दौरान इसी परिसर में दीवार खड़ी करने का प्रयास किया गया था, लेकिन वह गिर गई थी, और इससे पहले भी निर्माण के दौरान ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि इन घटनाओं का मूर्ति से कोई सीधा संबंध है या नहीं इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन श्रद्धालु इसे दैविक चमत्कार और परिसर के धार्मिक इतिहास से जोड़कर देख रहे हैं।
दरअसल, जेके गोला परिसर का पुराना धार्मिक महत्व रहा है और यहां वर्षों से भागवत कथा, भक्ति जागरण तथा खाटू श्याम से जुड़े बड़े आयोजन होते आ रहे हैं। इस स्थान पर जया किशोरी, भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और आचार्य गौरव कृष्ण स्वामी जैसी प्रसिद्ध हस्तियां भी कार्यक्रम कर चुकी हैं। यही कारण है कि यहां से भगवान कृष्ण की मूर्ति प्रकट होने के बाद स्थानीय लोगों की आस्था और जिज्ञासा दोनों चरम पर हैं।
फिलहाल मूर्ति को सम्मानपूर्वक परिसर में ही स्थित शिव मंदिर में स्थापित कर दिया गया है, जहां लोग लगातार दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मूर्ति कितनी पुरानी है, किस कालखंड की है और जमीन के भीतर कैसे पहुंची, इन सवालों के जवाब के लिए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इसकी पुरातत्व जांच कराने की मांग की है। वहीं, मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोग अब पुरोहितों से विचार-विमर्श कर मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा और आगे की व्यवस्था को लेकर निर्णय लेने की तैयारी में हैं।
श्याम की रिपोर्ट