Bihar Job: बिहार में कल से शुरू होगी अग्निवीर भर्ती , ऑनलाइन पंजीकरण और कॉमन एंट्रेंस एग्जाम, 12 जिलों के हजारों युवा अभ्यर्थी 02 से 13 फरवरी तक जुटेंगे यहां

Bihar Job: बिहार में अग्निवीर भर्ती रैली का भव्य आयोजन होने जा रहा है। ...

बिहार में कल से शुरू होगी अग्निवीर भर्ती- फोटो : reporter

Bihar Job: बिहार में  अग्निवीर भर्ती रैली का भव्य आयोजन होने जा रहा है। सेना भर्ती कार्यालय कटिहार के दिशा-निर्देश पर यह रैली 02 फरवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक चलेगी। इस रैली में बिहार के 12 जिलों से छह हजार से अधिक युवा अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।कटिहार जिले के गढ़वाल मैदान में कल से भर्ती शुरु होगी

सेना भर्ती अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण और कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) को अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया की पहली सीढ़ी बनाया गया है। इसके बाद अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा, शारीरिक माप परीक्षण और मेडिकल जांच के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।

रैली की तैयारी में सेना भर्ती कार्यालय ने व्यापक कदम उठाए हैं। जिला प्रशासन और स्थानीय सैन्य प्राधिकरण के सहयोग से कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा इंतजाम किया गया है। भर्ती अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अनुशासन बनाए रखें और दलालों या एजेंटों के झांसे में न आएं, क्योंकि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी।

अधिकारियों के अनुसार, अग्निपथ योजना युवाओं को सेना में सेवा का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अनुशासित और कुशल नागरिक के रूप में समाज में लौटाने की दिशा में भी अहम कदम है। योजना का उद्देश्य केवल भर्ती ही नहीं बल्कि युवाओं को नेतृत्व और देशभक्ति की भावना से लैस करना भी है।

रैली के दौरान अभ्यर्थियों के लिए लॉजिस्टिक और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का पूरा खाका तैयार किया गया है। क्षेत्र में विशेष पुलिस पेट्रोलिंग और ट्रैफिक कंट्रोल के साथ-साथ गार्डिंग भी सख्ती से की जा रही है।

सेना अधिकारियों ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे रैली स्थल पर समय पर पहुंचे और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं। रैली का उद्देश्य युवाओं को देश सेवा का अवसर देना और उन्हें अनुशासित जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह