Bihar road accident: कटिहार में बड़ा सड़क हादसा! तेज रफ्तार बस पलटी, 25 यात्री घायल; 15 की हालत गंभीर

Bihar road accident: बिहार के कटिहार जिले में शनिवार सुबह तेज रफ्तार बस पलटने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में 25 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को पूर्णिया रेफर किया गया है।

कटिहार में अनियंत्रित बस पलटने से मचा हड़कंप- फोटो : social media

Bihar road accident:  बिहार के कटिहार जिले में शनिवार (13 जून 2026) की  सुबह करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से जा रही एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 25 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, घायलों में 15 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए कटिहार से पूर्णिया के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

कहां हुआ हादसा?

यह हादसा कटिहार जिले के कोढ़ा जुराबगंज के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस नवादा से आ रही थी और उसमें बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे। सभी मजदूर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच भी शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन कारणों से हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस के अनियंत्रित होने के बाद यह दुर्घटना हुई, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।