Bihar Flood: कटिहार में बाढ़ के बीच बोट एंबुलेंस बनी जीवनरक्षक, उफनती गंगा-कोसी में डॉक्टरों की टीम घर-घर पहुंचा रही इलाज

Bihar Flood: कटिहार जिले में गंगा, कोसी, बरंडी और कारी कोसी नदियों के बढ़ते जलस्तर ने कई इलाकों में बाढ़ का संकट गहरा दिया है।

बाढ़ के बीच बोट एंबुलेंस बनी जीवनरक्षक- फोटो : reporter

Bihar Flood:  कटिहार जिले में गंगा, कोसी, बरंडी और कारी कोसी नदियों के बढ़ते जलस्तर ने कई इलाकों में बाढ़ का संकट गहरा दिया है। बाढ़ की चपेट में जिले की करीब 8 लाख 80 हजार 140 आबादी प्रभावित हुई है। पानी से घिरे इलाकों में जहां लोगों के सामने रोजमर्रा की जिंदगी और सुरक्षित ठिकाने की चुनौती है, वहीं अब कई तरह की बीमारियों ने भी मुश्किल बढ़ा दी है। ऐसे मुश्किल वक्त में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने बाढ़ पीड़ितों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के लिए ‘बोट एंबुलेंस’ की सेवा शुरू की है।

उफनती नदियों के बीच नाव को ही एंबुलेंस बनाकर डॉक्टरों की टीम दवाइयों के साथ मरीजों तक पहुंच रही है। बाढ़ के कारण जिन लोगों के लिए अस्पताल पहुंचना मुश्किल है, उनके घर तक स्वास्थ्यकर्मी पहुंचकर बीमारी की जानकारी ले रहे हैं, जांच कर रहे हैं और जरूरत के मुताबिक दवाइयां उपलब्ध करा रहे हैं।

कटिहार के बरारी प्रखंड में दो बोट एंबुलेंस संचालित की जा रही हैं। इनमें डॉक्टर, एएनएम और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम मौजूद रहती है। टीम बाढ़ प्रभावित इलाकों में नाव के जरिए पहुंचकर घर-घर मरीजों का हाल जान रही है। इस पहल से स्थानीय लोगों को काफी राहत मिल रही है और मरीज भी स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से संतुष्ट नजर आ रहे हैं।

बरारी रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मो. मुशर्रत हुसैन ने बताया कि गंगा का जलस्तर काफी बढ़ गया है। ऐसे में जो लोग अपने घरों में फंसे हैं और अस्पताल तक नहीं पहुंच पा रहे, उनके पास बोट एंबुलेंस के जरिए टीम पहुंच रही है। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पूछ रहे हैं कि किसी को कोई परेशानी तो नहीं है। अब तक फंगल इंफेक्शन, बुखार और खांसी जैसी शिकायतें ज्यादा सामने आई हैं, जिनका इलाज कर दवाइयां दी जा रही हैं।वहीं ANM कुसुम कुमारी ने बताया कि जो मरीज अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे हैं, स्वास्थ्य विभाग उनके पास खुद पहुंच रहा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में गर्भवती महिलाओं के लिए भी जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

बाढ़ के बीच स्वास्थ्य विभाग की यह पहल उन परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है, जिनका सड़क संपर्क पानी में डूब चुका है। उफनती नदियों और जलजमाव के बीच बोट एंबुलेंस अब कटिहार के बाढ़ पीड़ितों तक इलाज पहुंचाने का सहारा बन गई है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह