Bihar News : कटिहार में नगर निगम का बड़ा एक्शन, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, अवैध दुकानें और निर्माण किए गए ध्वस्त

Bihar News : कटिहार में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर निगम का बुलडोजर एक बार फिर गरज उठा. जहाँ कई इलाकों में अवैध निर्माण ध्वस्त किये गए......पढ़िए आगे

कटिहार में चला बुलडोजर - फोटो : SHYAM

KATIHAR : कटिहार नगर निगम प्रशासन ने सख्त लहजे में साफ कर दिया है कि शहर को सुंदर, स्वच्छ और जाम मुक्त बनाने का यह अभियान यहीं रुकने वाला नहीं है। आने वाले दिनों में शहर के अन्य चिन्हित इलाकों में भी इसी तरह की बुलडोजर कार्रवाई जारी रहेगी। जहां एक तरफ इस कड़े एक्शन के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ कटिहार के आम नागरिकों ने सड़कों को जाम मुक्त कराने की इस प्रशासनिक पहल का खुलकर स्वागत किया है। 

बिहार के कटिहार शहर में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर निगम का बुलडोजर एक बार फिर गरज उठा है। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार मिर्चाईबारी में नगर निगम प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे और सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर के जरिए पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। नगर निगम की इस अचानक हुई सख्त कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार आनन-फानन में अपना सामान समेटते नजर आए।

इस अभियान के पीछे मुख्य वजह मिर्चाईबारी इलाके में लगातार बढ़ रहा अतिक्रमण था, जिसके कारण सड़कें सिकुड़ती जा रही थीं और आम जनता को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जाम की इस गंभीर समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने मुख्य सड़क को पूरी तरह साफ कराने का फैसला किया। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने एक-एक कर सभी अवैध ढांचों और अस्थाई दुकानों को सड़क के दायरे से हटा दिया।

मामले की जानकारी देते हुए नगर आयुक्त संतोष कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई है। नगर निगम द्वारा संबंधित दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों को पहले ही चेतावनी दी गई थी और बकायदा कानूनी नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बावजूद जब लोगों ने तय समय सीमा के भीतर अपने अवैध कब्जे खुद नहीं हटाए, तब मजबूरन प्रशासन को बुलडोजर का इस्तेमाल करना पड़ा। सुरक्षा के लिहाज से अभियान के दौरान पूरे मिर्चाईबारी क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी तरह के विरोध या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के कारण पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और अतिक्रमणकारियों को पीछे हटना पड़ा।

कटिहार नगर निगम प्रशासन ने सख्त लहजे में साफ कर दिया है कि शहर को सुंदर, स्वच्छ और जाम मुक्त बनाने का यह अभियान यहीं रुकने वाला नहीं है। आने वाले दिनों में शहर के अन्य चिन्हित इलाकों में भी इसी तरह की बुलडोजर कार्रवाई जारी रहेगी। जहां एक तरफ इस कड़े एक्शन के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ कटिहार के आम नागरिकों ने सड़कों को जाम मुक्त कराने की इस प्रशासनिक पहल का खुलकर स्वागत किया है। 

श्याम की रिपोर्ट