Bihar News : कटिहार समाहरणालय में दो पत्नियों के आमने-सामने आते ही मचा बवाल, बीच में फंसा आवास सहायक

Bihar News :कटिहार में आवास सहायक को कथित रूप से दो पत्नियाँ आपस में भिड गयी. जिससे मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया......पढ़िए आगे

दो पत्नियों में भिड़ंत - फोटो : SHYAM

KATIHAR : बिहार के कटिहार समाहरणालय परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया, जब एक आवास सहायक की दो पत्नियां अचानक आमने-सामने आ गईं। देखते ही देखते दोनों महिलाओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई और झड़प में बदल गई। हाथों में डंडा लिए दोनों महिलाएं एक-दूसरे पर हमला करने पर आमादा थीं, जबकि दोनों के बीच फंसा आवास सहायक पति उन्हें शांत कराने और बीच-बचाव करने की नाकाम कोशिश करता रहा।

बारसोई से अपने बेटे के साथ पहुंची दूसरी पत्नी ने अपने पति पर धोखा देने और गंभीर आरोप लगाए। उसने बताया कि करीब 14 वर्ष पूर्व फलका थाना क्षेत्र के पोठिया निवासी रंजीत कुमार पासवान (आवास सहायक) से उसकी शादी हुई थी। इसके बाद करीब चार वर्ष पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की थी, जिससे उनका एक बेटा भी है। पीड़ित महिला का दावा है कि विवाह के वक्त रंजीत ने खुद को कुंवारा बताया था, लेकिन बाद में खुलासा हुआ कि वह पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी से तीन बच्चे भी हैं।

दूसरी पत्नी का आरोप है कि रंजीत पिछले काफी समय से अपनी पहली पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा है और उसे तथा उसके बेटे को किसी भी तरह का भरण-पोषण या आर्थिक खर्च नहीं दे रहा है। शनिवार को वह समाहरणालय परिसर में पति से अपना हक और बच्चे के परवरिश के लिए खर्च मांगने पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद पहली पत्नी से उसका आमना-सामना हो गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई।

दिनदहाड़े प्रशासनिक परिसर में हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और हंगामे को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बीच-बचाव के बाद किसी तरह मामले को शांत कराया गया। फिलहाल इस पारिवारिक विवाद को स्थानीय स्तर पर सामाजिक पंचायत के माध्यम से सुलझाने की बात कही जा रही है, हालांकि घटना का वीडियो और खबर इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

श्याम की रिपोर्ट