दियारा में दबंगों पर नकेल : किसानों की जमीन और फसलों की सुरक्षा के लिए तैनात हुई एसटीएफ

Bihar News : दबंगों द्वारा अवैध कब्जे और फसल लूट की शिकायतों के बाद पुलिस मुख्यालय का बड़ा एक्शन हुआ है। फसल को लूट से बचाने के लिए 13 संवेदनशील इलाकों में पुलिस और एसटीएफ की तैनाती कर दी गई है.....

दियारा में दबंगों पर नकेल- फोटो : श्याम

Katihar : जिले के दियारा क्षेत्रों में किसानों की जमीन पर अवैध कब्जे और तैयार फसलों की लूट को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अब इन इलाकों में विशेष कार्य बल (STF) की तैनाती कर दी गई है। पिछले काफी समय से क्षेत्र के किसान दबंगों द्वारा डरा-धमकाकर फसल काट लेने और जमीन पर जबरन कब्जा करने की शिकायतें दर्ज करा रहे थे, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यह ठोस कदम उठाया है।


अपराधी और दबंग जबरन उठा ले जाते थे किसानों की फसल

मुख्य रूप से कुर्सेला, बरारी और सेमापुर थाना क्षेत्रों के किसानों ने पुलिस को सूचित किया था कि अपराधी और दबंग किस्म के लोग उनकी मेहनत की फसल को जबरन उठा ले जाते हैं। इन शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस ने राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय को प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा बल तैनात करने का प्रस्ताव भेजा था। सरकार से हरी झंडी मिलने के तुरंत बाद एसटीएफ की टुकड़ियों ने दियारा के दुर्गम इलाकों में मोर्चा संभाल लिया है।


13 अति संवेदनशील इलाकों में एसटीएफ की तैनाती

एसटीएफ की यह तैनाती कुल 13 अति संवेदनशील इलाकों में की गई है, जिनमें कुर्सेला थाना क्षेत्र के गोबराही और मलिनिया दियारा, बरारी थाना क्षेत्र के बकिया सुखाय, जौनिया, डरवई और भवानीपुर दियारा, तथा सेमापुर थाना क्षेत्र का मोहना चांदपुर दियारा शामिल है। इन क्षेत्रों में बल की तैनाती के साथ ही सघन गश्ती अभियान भी शुरू कर दिया गया है। अत्याधुनिक हथियारों से लैस एसटीएफ के जवान अब दियारा की खाक छान रहे हैं ताकि अपराधियों के मन में भय पैदा किया जा सके।


पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि एसटीएफ की तैनाती का मुख्य उद्देश्य किसानों के हितों की रक्षा करना और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दियारा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की दबंगई, रंगदारी या अवैध कब्जे को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी ने कहा कि पुलिस बल की मौजूदगी से न केवल फसल सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि किसानों में सुरक्षा का भाव भी पैदा होगा।


किसानों ने ली राहत की सांस

जिला पुलिस की इस पहल से दियारा के किसानों ने राहत की सांस ली है। एसटीएफ की गश्ती शुरू होने से उन दबंगों और गिरोहों पर शिकंजा कसेगा जो सालों से इन क्षेत्रों में समानांतर सत्ता चलाने का प्रयास करते रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि वे बिना किसी डर के अपनी खेती करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।


श्याम की रिपोर्ट