कटिहार के 50 स्कूलों में 'साइबर मंगलवार' का आयोजन: DM-SP VS छात्र-छात्राओं को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर
साइबर अपराध पर लगाम लगाने और लोगों को सतर्क करने के उद्देश्य से कटिहार जिले में एक अनोखी और प्रभावी पहल की शुरुआत की गई है। स्कूली छात्र-छात्राओं के माध्यम से लोगों को जागरुक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है....
Katihar : बिहार में तेजी से पांव पसार रहे साइबर अपराध पर लगाम लगाने और लोगों को सतर्क करने के उद्देश्य से कटिहार जिले में एक अनोखी और प्रभावी पहल की शुरुआत की गई है। स्कूली छात्र-छात्राओं के माध्यम से उनके परिजनों व समाज को जागरूक करने के लिए जिले के 50 विद्यालयों में 'साइबर मंगलवार' के तहत विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
हरिशंकर नायक उच्च विद्यालय में पहुंचे प्रशासनिक अफसर
अभियान के तहत मुख्य कार्यक्रम कटिहार स्थित हरिशंकर नायक उच्च विद्यालय में आयोजित किया गया। इस जागरूकता शिविर में जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) ने खुद पहुंचकर बच्चों से सीधा संवाद किया और उन्हें साइबर अपराध के अलग-अलग तरीकों व उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
स्कूली बच्चे बनेंगे 'साइबर ब्रांड एंबेसडर': डीएम
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि इस तरह के जागरूकता शिविरों का मुख्य उद्देश्य बिहार में बढ़ते साइबर अपराध के प्रति आम जनता को सचेत करना है। उन्होंने कहा कि बच्चे जब साइबर सुरक्षा के गुर सीखेंगे, तो वे अपने घरों में माता-पिता और अभिभावकों को भी डिजिटल ठगी के खतरों के प्रति जागरूक कर सकेंगे। इससे समाज के हर वर्ग तक आसानी से संदेश पहुंचेगा।
आने वाले समय की सबसे बड़ी चुनौती है साइबर क्राइम: एसपी
शिविर को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराध आने वाले दौर की एक बेहद गंभीर और बड़ी चुनौती है। इससे निपटने और खुद को सुरक्षित रखने के लिए हर नागरिक का जागरूक होना बेहद जरूरी है। इसी सोच के साथ जिले के 50 प्रमुख स्कूलों में एक साथ यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
छात्राओं में दिखा भारी उत्साह, परिजनों को जागरूक करने का लिया संकल्प
जागरूकता क्लास में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों ने अधिकारियों से ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी (OTP) शेयर न करने और सोशल मीडिया प्राइवेसी से जुड़े कई सवाल पूछे और बचाव के महत्वपूर्ण टिप्स सीखे। छात्रों ने विश्वास जताया कि वे खुद सतर्क रहने के साथ-साथ अपने माता-पिता और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगों के जाल में फंसने से बचाएंगे।
श्याम की रिपोर्ट