Bihar News : कटिहार में नीलगायों के आतंक से किसान परेशान, डीएम से गुहार लगाने का किया फैसला

Bihar News : कटिहार के कुरसेला प्रखंड के दक्षिणी मुरादपुर पंचायत के गंगा पार स्थित गोबराही दियारा में नीलगायों के आतंक से किसान काफी परेशान हैं।

नीलगायों का आतंक - फोटो : SHYAM

KATIHAR : कटिहार के कुरसेला प्रखंड के दक्षिणी मुरादपुर पंचायत के गंगा पार स्थित गोबराही दियारा में नीलगायों के आतंक से किसान काफी परेशान हैं। झुंड में पहुंच रहे नीलगायें खेतों में लगी रबी की फसलों को रौंदकर और खाकर बर्बाद कर रही हैं। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने लगा है। फसल बचाने के लिए किसान दिन-रात चिंतित हैं।

समस्या के समाधान को लेकर गंगा घाट में दिलखुश कुमार की अध्यक्षता में प्रभावित किसानों की बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी प्रभावित किसान हस्ताक्षरयुक्त आवेदन जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी को सौंपेंगे। किसानों ने प्रशासन से सरकारी टीम गठित कर गोबराही दियारा भेजने और नीलगायों पर तत्काल नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की गुहार लगा रहे है।

किसानों ने बताया कि गोबराही दियारा में साल में केवल एक बार रबी फसल की खेती होती है। गंगा पार खेतों तक खाद, बीज और कृषि उपकरण पहुंचाने में नाव सहित अन्य संसाधनों पर काफी खर्च करना पड़ता है। कई किसानों ने व्यापारियों से ब्याज पर कर्ज लेकर धनिया, आलू, मसूर, मटर, चना, मक्का और विभिन्न मसालों की खेती की है। ऐसे में नीलगायों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने से उनकी पूरी मेहनत और पूंजी डूबने का खतरा पैदा हो गया है।

किसानों का कहना है कि बाढ़ के बाद रबी की खेती ही उनकी आजीविका का मुख्य सहारा होती है। यदि नीलगायों के आतंक से फसल बर्बाद हो गई तो खेती की लागत निकालना तो दूर, कर्ज का मूलधन और ब्याज चुकाना भी मुश्किल हो जाएगा। किसानों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

श्याम की रिपोर्ट