Bihar Flood: बाढ़ का पानी घटा, दर्द बरकरार, कटिहार में 1.33 लाख परिवारों को मिला 7 हजार की राहत
Bihar Flood: बाढ़ का पानी धीरे-धीरे घटने लगा है, लेकिन बाढ़ की तबाही के निशान और पीड़ितों की मुश्किलें अब भी बरकरार हैं।
Bihar Flood:कटिहार में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे घटने लगा है, लेकिन बाढ़ की तबाही के निशान और पीड़ितों की मुश्किलें अब भी बरकरार हैं। इस बीच सरकार ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए जीआर (Gratuitous Relief) राशि जारी कर तत्काल राहत देने की पहल की है। राज्य में करीब 8 लाख से अधिक बाढ़ पीड़ित परिवारों के खातों में जीआर राशि ट्रांसफर की गई है। कटिहार जिले में भी बड़ी संख्या में प्रभावित परिवारों को इसका लाभ दिया जा रहा है।
कटिहार जिले की बात करें तो यहां 1 लाख 33 हजार 798 परिवारों के खातों में जीआर राशि भेजी गई है या भेजने की प्रक्रिया जारी है। बाढ़ जैसी बड़ी त्रासदी के बाद पीड़ित परिवारों को मिले 7-7 हजार रुपये फिलहाल उनके लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। बाढ़ प्रभावित परिवारों का कहना है कि मुश्किल वक्त में सरकार की यह आर्थिक मदद रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में सहारा देगी।
जीआर राशि मिलने के बाद मनिहारी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद ने सरकार के प्रति आभार जताया है। हालांकि, उन्होंने यह भी मांग उठाई कि सर्वे या सूची तैयार करने के दौरान जो प्रभावित परिवार किसी कारणवश छूट गए हैं, उनकी दोबारा जांच कराकर उन्हें भी जीआर राशि की सूची में शामिल किया जाए। उनका कहना है कि वास्तविक रूप से प्रभावित किसी भी परिवार को सरकारी राहत से महरूम नहीं रखा जाना चाहिए।
बाढ़ का पानी कम होने के बावजूद कई इलाकों में जनजीवन अभी सामान्य नहीं हुआ है। ऐसे में सात हजार रुपये की यह सहायता बाढ़ पीड़ितों के लिए तत्काल जरूरतों को पूरा करने में मददगार मानी जा रही है। मनिहारी नगर पंचायत में जीआर राशि मिलने के बाद मुख्य पार्षद और बाढ़ पीड़ितों ने सरकार के इस कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे संकट की घड़ी में जरूरी राहत बताया।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह