Bihar Flood: बाढ़ राहत शिविर में खाने की गुणवत्ता पर बवाल, मंत्री ने रसोइये को लगाई फटकार

Bihar Flood: बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेने बिहार सरकार के आपदा मंत्री रत्नेश सदा पहुंचे। ...

बाढ़ राहत शिविर में खाने की गुणवत्ता पर बवाल- फोटो : reporter

Bihar Flood:कटिहार के मनिहारी में बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेने बिहार सरकार के आपदा मंत्री रत्नेश सदा पहुंचे। मंत्री ने नया टोला स्थित चरवाहा विद्यालय में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण किया और बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण किया। इसके बाद उन्होंने आजमपुर गोला और सिंगल टोला में संचालित सामुदायिक रसोई का भी मुआयना किया।

सामुदायिक रसोई के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था की जानकारी ली। खाने की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने पर उन्होंने रसोइये को ठीक ढंग से भोजन तैयार करने की हिदायत दी। साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि राहत कार्यों में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रभावित लोगों को समय पर हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

हालांकि भोजन की गुणवत्ता को लेकर जब मंत्री रत्नेश सदा से सवाल किया गया तो उन्होंने व्यवस्था को ठीक-ठाक बताते हुए बात को टालने की कोशिश की। वहीं जेडीयू विधायक दुलाल चंद गोस्वामी ने सामुदायिक रसोई के खाने में कुछ कमियां होने की बात स्वीकार की और उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने का भरोसा दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम आशुतोष द्विवेदी, एसडीएम त्रिलोकी नाथ सिंह, विधायक दुलालचंद्र गोस्वामी और एमएलसी अशोक अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नेता मौजूद रहे। बाढ़ के बीच मंत्री के निरीक्षण से राहत व्यवस्था की जमीनी हकीकत सामने आई, वहीं भोजन की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों ने प्रशासनिक इंतजामों पर भी निगाहें टिक गई हैं।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह