Bihar Flood: कटिहार में गंगा-कोसी का कहर,13 पंचायतें बाढ़ में डूबीं, राहत के इंतजार में हजारों लोग

Bihar Flood: बिहार में गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि ने कटिहार में बाढ़ का संकट गहरा दिया है।...

कटिहार में गंगा-कोसी का कहर- फोटो : reporter

Bihar Flood: बिहार में गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि ने कटिहार में बाढ़ का संकट गहरा दिया है। नदियों के उफान के बाद बरारी प्रखंड की 3 पंचायतों और अमदाबाद प्रखंड की 10 पंचायतों में बड़ी आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। पिछले दो दिनों में पानी तेजी से बढ़ने के बाद निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। हालात बिगड़ने के साथ लोगों को अपना घर छोड़कर ऊंचे स्थानों और सड़कों पर शरण लेने को मजबूर होना पड़ रहा है।

बरारी प्रखंड के उचला गांव में अचानक पानी घुसने के बाद प्रशासन हरकत में आया। बरारी अंचलाधिकारी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्लास्टिक, खाद्य सामग्री और जरूरी राहत सामान उपलब्ध कराने की मांग की है।

गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच उचला गांव के सीजटोला में मनरेगा से बना दो गांवों को जोड़ने वाला बांध भी टूट गया। बांध टूटने से दोनों गांवों के बीच संपर्क भंग हो गया है। अब ग्रामीणों को आवागमन के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। घरों में पानी घुसने के बाद कई परिवार सड़क किनारे और अन्य ऊंचे स्थानों पर रहने को विवश हैं।

अंचलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि फिलहाल बरारी की तीन पंचायतें मुख्य रूप से बाढ़ की चपेट में हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार यदि 72 घंटे तक प्रभावित परिवारों के घर में चूल्हा नहीं जलता है तो सूखा राशन अथवा सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की जाती है। फिलहाल विस्थापित लोगों को अस्थायी रूप से प्लास्टिक उपलब्ध कराया जा रहा है और जल्द सामुदायिक रसोई शुरू करने की बात कही गई है।

वहीं, अमदाबाद प्रखंड की 10 पंचायतें भी बाढ़ की चपेट में हैं। इनमें मेघु टोला और जलेबी टोला सबसे ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अभी तक सरकारी राहत नहीं पहुंची है, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह