Bihar Crime: फास्ट फूड दुकान पर गैस सिलेंडर ब्लास्ट, 4 बच्चों समेत 5 लोग झुलसे, दो की हालत गंभीर

Bihar News: फास्ट फूड दुकान में अचानक गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया।

फास्ट फूड दुकान पर गैस सिलेंडर ब्लास्ट- फोटो : reporter

Bihar News:  कटिहार जिले में गैस सिलेंडर विस्फोट की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मनिहारी प्रखंड के बलुआघाट्टी गांव में बीती रात एक फास्ट फूड दुकान में अचानक गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। हादसे के वक्त दुकान में कई लोग फास्ट फूड खा रहे थे। अचानक हुए विस्फोट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में चार बच्चों समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

जानकारी के अनुसार, घटना मनिहारी प्रखंड के बलुआघाट्टी वार्ड संख्या-1 की है। बीती रात गांव की एक फास्ट फूड दुकान में कुछ लोग खाने-पीने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दुकान में रखा गैस सिलेंडर अचानक ब्लास्ट कर गया।विस्फोट इतना जोरदार था कि दुकान में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। आग और गर्मी की चपेट में आने से चार बच्चों सहित पांच लोग झुलस गए। घटना के बाद दुकान और आसपास के इलाके में चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मनिहारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सभी को कटिहार रेफर कर दिया गया।

चिकित्सकों के मुताबिक, कुछ मरीज करीब 45 प्रतिशत तक झुलस गए हैं, जबकि दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना में घायल चार बच्चों की स्थिति को लेकर भी परिजनों में चिंता बनी हुई है।मनिहारी अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार ने गैस सिलेंडर विस्फोट की घटना और पांच लोगों के झुलसने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल लाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए कटिहार रेफर किया गया।

इस घटना के बाद बलुआघाट्टी गांव में चिंता और दहशत का माहौल है। अचानक हुए सिलेंडर विस्फोट ने दुकान में मौजूद लोगों के साथ आसपास के ग्रामीणों को भी झकझोर दिया है।फिलहाल सभी घायलों के बेहतर इलाज पर ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, सिलेंडर में विस्फोट किस वजह से हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह