Bihar Road Accident: NH-31 पर टला बड़ा हादसा, गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक पलटा, मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बची कई जिंदगियां

Bihar Road Accident:गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच किसी बड़े विस्फोट की आशंका को लेकर दहशत फैल गई।

टल गया बड़ा हादसा- फोटो : SHYAM

Katihar:  जिले के कुर्सेला थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विषहरी स्थान के समीप गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच किसी बड़े विस्फोट की आशंका को लेकर दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि न तो गैस रिसाव हुआ और न ही कोई विस्फोट हुआ, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक नवगछिया से पूर्णिया की ओर जा रहा था। कुर्सेला और समेली के बीच स्थित विषहरी स्थान के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग सहम गए।

ट्रक के पलटते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। गैस सिलेंडरों से लदे वाहन को देखकर हर किसी के मन में किसी बड़े धमाके का डर था। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना के दौरान तेज आवाज सुनाई दी थी, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। जब लोगों ने देखा कि ट्रक गैस सिलेंडरों से भरा हुआ है, तो कुछ देर के लिए इलाके में भय का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए चालक को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला। चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। यदि सिलेंडरों में रिसाव या विस्फोट होता तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी और जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका थी।

घटना की सूचना मिलते ही कुर्सेला थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र की निगरानी शुरू कर दी। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से वाहनों की आवाजाही को धीरे-धीरे सामान्य कर दिया गया।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर चालक का संतुलन बिगड़ने की वजह से हादसा होने की बात सामने आ रही है। गनीमत यह रही कि समय रहते स्थिति नियंत्रण में रही और एक संभावित बड़े हादसे को टाल लिया गया। इस घटना ने एक बार फिर खतरनाक सामग्री ढोने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क ड्राइविंग की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह