शराब तस्कर और उत्पाद विभाग टीम के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा: 30 लीटर देसी शराब के साथ एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

कटिहार जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां शराब की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम और शराब तस्कर के बीच जमकर हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। काफी मशक्कत और कड़ी जद्दोजहद के बाद जवानों ने आरोपी को किसी तरह काबू में लिया....

शराब तस्कर और उत्पाद विभाग टीम के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा- फोटो : श्याम

Katihar : जिले के नगर थाना क्षेत्र के कोरिया पट्टी मोहल्ले में शराब तस्करी की गुप्त सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग (Excise Department) की टीम और शराब तस्कर के बीच जमकर हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। उत्पाद विभाग की टीम को देखते ही एक तस्कर शराब से भरा बोरा सड़क पर फेंककर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरा युवक बाइक के साथ वहीं खड़ा रहा।


निर्दोष बताकर टीम से की हाथापाई, जवानों ने मशक्कत के बाद किया काबू 

उत्पाद विभाग की टीम ने जब मौके पर मौजूद बाइक सवार युवक को हिरासत में लेकर दफ्तर ले जाने का प्रयास किया, तो उसने खुद को निर्दोष बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी ने टीम के जवानों के साथ हाथापाई और धक्का-मुक्की भी की। काफी मशक्कत और कड़ी जद्दोजहद के बाद जवानों ने आरोपी को किसी तरह काबू में लिया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान रानी घाट निवासी अर्जुन चौधरी के रूप में हुई है।


30 लीटर देसी शराब बरामद, दूसरे आरोपी की तलाश जारी 

उत्पाद विभाग ने मौके से बोरे में बंद लगभग 30 लीटर देसी शराब बरामद की है। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा दोनों युवकों की पहचान किए जाने के बाद मामले का पूरा खुलासा हुआ। कटिहार के उत्पाद अधीक्षक ने आरोपी अर्जुन चौधरी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उत्पाद विभाग की टीम फरार हुए दूसरे तस्कर की गिरफ्तारी और नेटवर्क का पता लगाने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


श्याम की रिपोर्ट