कटिहार में भीषण सड़क हादसा: एनएच-31 पर बस की टक्कर से एक युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नही ले रहा। राज्य के किसी न किसी जिले से सड़क दुर्घटना मे मौत की खबर आम बात हो गई है। ताजा मामला कटिहार जिले से सामने आया है, जहां एक बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई.....

सड़क दुर्घटना में युवक की मौत- फोटो : श्याम

Katihar : जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर देवीपुर स्थित शिवराम ढाबा के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार बस की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।


आमने-सामने की भीषण टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुरसेला की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने समेली की ओर से बाइक पर सवार होकर आ रहे तीन युवकों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।


अस्पताल पहुंचने पर एक की मौतदो रेफर

घटना की सूचना मिलते ही कुरसेला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुरसेला पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद जितेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सागर कुमार और रोशन कुमार की स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


चालक फरारपुलिस जांच में जुटी 

हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में ले लिया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतक जितेंद्र कुमार और दोनों घायल सागर कुमार व रोशन कुमार समेली क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस अब फरार चालक की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।


श्याम की रिपोर्ट