Bihar News : कटिहार में मासूम छात्राओं ने रो-रोकर बताई ‘गुरूजी’ की गन्दी करतूत, ग्रामीणों ने स्कूल में जमकर काटा बवाल, आरोपी पर की कार्रवाई की मांग

Bihar News : कटिहार अमदाबाद प्रखंड के नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय गोविंदपुर के एक शिक्षक पर कक्षा चार एवं पांच की छात्राओं से अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है।

गुरूजी की गन्दी करतूत - फोटो : SHYAM

KATIHAR : कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय गोविंदपुर में एक शिक्षक पर चौथी और पांचवीं कक्षा की मासूम छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर पहुंचकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया और स्कूल का घेराव कर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

मिली जानकारी के अनुसार, सुबह जब अभिभावक अपनी बच्चियों को स्कूल भेजने की तैयारी कर रहे थे, तो कुछ छात्राओं ने विद्यालय जाने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों द्वारा जब इसका कारण पूछा गया तो बच्चियां बिलख-बिलख कर रोने लगीं और शिक्षक की शर्मनाक हरकतों का खुलासा किया। छात्राओं ने आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षक उनके साथ गलत हरकतें करते हैं और किसी को बताने पर डराने-धमकाने की धमकी भी देते हैं।

मासूमों की आपबीती सुनते ही परिजनों के सब्र का बांध टूट गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय परिसर में जमा हो गए। ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हंगामा शुरू कर दिया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाने ले आई।

स्थानीय ग्रामीणों का यह भी कहना है कि उक्त शिक्षक पर इस तरह की अनुचित और अश्लील गतिविधियों के आरोप पहले भी लग चुके हैं, लेकिन उचित कदम न उठाए जाने के कारण उनका मनोबल बढ़ा हुआ था। घटना के बाद से पूरे इलाके के अभिभावकों में काफी आक्रोश व्याप्त है और वे आरोपी को अविलंब बर्खास्त कर जेल भेजने की मांग कर रहे हैं।

मामले की जानकारी देते हुए अमदाबाद के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रणवीर कुमार ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कड़ी से कड़ी अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

श्याम की रिपोर्ट