Bihar Crime : कटिहार में भाजपा नेता के भाई को सगे साले ने मारी गोली, गंभीर हालत में इलाज के लिए पूर्णिया रेफर

Bihar Crime : कटिहार में भाजपा नेता ओमप्रकाश यादव के भाई को सगे साले ने गोली मार दी. गंभीर हालत में इलाज के लिए उसे पूर्णिया रेफर किया गया है......पढ़िए आगे

भाजपा नेता के भाई को मारी गोली - फोटो : SHYAM

KATIHAR : बिहार के कटिहार से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ भाजपा नेता ओमप्रकाश यादव के भाई विकास यादव को अपराधियों ने गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में घायल विकास यादव को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत पूर्णिया रेफर कर दिया है। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

यह पूरी वारदात कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र के गौशाला हवाई अड्डा इलाके की बताई जा रही है। मिल रही जानकारी के अनुसार, इस खूनी खेल के पीछे घर में चल रहा जमीन का पुराना विवाद है। हैरान करने वाली बात यह है कि विकास यादव को किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उनके ही भाई के सगे साले ने आपसी बंटवारे के रंजिश में गोली मारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। कटिहार के पुलिस अधीक्षक खुद दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की कमान संभाली। एसपी ने वारदात वाली जगह का मुआयना करने के बाद बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह पूरा मामला सीधे तौर पर पैतृक या पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है।

हालांकि, पुलिस प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है। एसपी ने स्पष्ट किया कि भले ही शुरुआती सुई जमीन विवाद की ओर घूम रही है, लेकिन पुलिस हर एक संभावित बिंदु और एंगल पर बारीकी से जांच कर रही है ताकि वारदात की असली वजह और पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके। इधर, दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। भाजपा नेता के भाई पर हुए इस हमले के बाद इलाके के लोगों में भी काफी आक्रोश और तनाव का माहौल देखा जा रहा है।

श्याम की रिपोर्ट