Bihar News : खगड़िया के सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा, जर्जर सीढ़ी गिरने से मासूम की हुई मौत, शिक्षा मंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
Bihar News : खगड़िया में सरकारी स्कूल में जर्जर सीढ़ी के गिरने से एक बच्ची की मौत और तीन छात्र घायल हो गए। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि इसकी जांच रिपोर्ट हमने मांगी है....पढ़िए आगे
KATIHAR : बिहार के खगड़िया जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक सरकारी स्कूल में जर्जर सीढ़ी अचानक ढह गई। इस भयानक दुर्घटना में एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जर्जर भवन की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों और परिजनों ने स्कूल प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से स्कूल भवन की स्थिति खराब थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।
इस बीच, कटिहार में एक विभागीय बैठक में शामिल होने पहुंचे बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए साफ किया कि सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि घटना की जांच रिपोर्ट तत्काल तलब की गई है। रिपोर्ट सामने आते ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और संबंधित लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए विद्यालयों के इंफ्रास्ट्रक्चर की समीक्षा भी की जाएगी।
इस हादसे ने एक बार फिर बिहार में सरकारी स्कूलों के जर्जर भवनों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने मृतक बच्ची के परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषियों पर अविलंब विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
श्याम की रिपोर्ट