कटिहार के इस प्रखंड में चचरी पुल के सहारे जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर लोग, अधूरा पड़ा है पुल का निर्माण

कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड के पार दियारा, खट्टी भवानीपुर और चौकियां पहाड़पुर पंचायत को जोड़ने वाले मार्ग पर आवागमन की बड़ी समस्या है। परेशान ग्रामीणों ने खुद चचरी पुल बनाकर जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे है....

जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर लोग- फोटो : श्याम

Katihar : जिले के अमदाबाद प्रखंड में बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को हर दिन आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रखंड मुख्यालय जाने के लिए पार दियारा, खट्टी भवानीपुर और चौकियां पहाड़पुर पंचायत को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर लोगों को जान जोखिम में डालकर बांस से बने चचरी पुल के सहारे गुजरना पड़ रहा है। हर साल बाढ़ की मार झेलने वाले इस इलाके में सड़क और पुल के अभाव ने बड़ी आबादी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।


बाढ़ का पानी उतरने के तीन महीने बाद भी हालात जस के तस, नाव के बाद चचरी ही एकमात्र सहारा

स्थानीय निवासी मतिउर रहमान ने बताया कि बाढ़ का पानी निकले करीब तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन आवागमन की समस्या अब भी बरकरार है। उन्होंने कहा कि जब बाढ़ का पानी फैला रहता है, तब नाव ही एकमात्र सहारा होती है, और पानी निकलने के बाद बांस के चचरी पुल के जरिए लोगों को आना-जाना पड़ता है।


स्थाई पुल निर्माण की मांग, ग्रामीण बोले— जान जोखिम में डालकर करना पड़ता है सफर

स्थानीय निवासी अब्दुल वाजिद ने कहा कि यह पूरा इलाका बाढ़ग्रस्त है और झब्बुटोला व पारदियारा के लोगों को अमदाबाद जाने के लिए यही रास्ता अपनाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने खुद चचरी पुल तैयार किया है, लेकिन यह कोई स्थायी हल नहीं है। लोगों ने मांग की है कि यहां स्थायी पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि आवागमन सुगम हो और लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर न करना पड़े।


पाइलिंग के बाद अधूरा छोड़ दिया गया पुल का काम, बिजली और बाढ़ को बताई गई वजह

अमदाबाद प्रखंड के जनप्रतिनिधियों के मुताबिक, यहां पुल निर्माण का काम शुरू तो हुआ था, लेकिन केवल पाइलिंग कराकर इसे छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि बिजली की समस्या और बाढ़ग्रस्त क्षेत्र होने के कारण काम अधूरा रह गया, जबकि इसका जल्द पूरा होना बेहद जरूरी है ताकि क्षेत्र के लोगों को स्थायी राहत मिल सके।


श्याम की रिपोर्ट