Bihar News: सदर अस्पताल बना दलालों का अड्डा, गरीब मरीज से हजारों रुपये की वसूली
Bihar News: आरा सदर अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे एक गरीब परिवार से कथित तौर पर 2600 रुपये की वसूली का मामला सामने आया है। ...
Bihar News: आरा सदर अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे एक गरीब परिवार से कथित तौर पर 2600 रुपये की वसूली का मामला सामने आया है। अपनी बीमार मां को लेकर अस्पताल पहुंचे बेटे का आरोप है कि इलाज, सुई-दवा और जांच कराने के नाम पर अलग-अलग लोगों ने उससे पैसे लिए। हैरानी की बात यह है कि जब इस मामले में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर से पूछताछ की गई तो उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने मरीज की कोई जांच नहीं लिखी थी। इसके बाद अस्पताल परिसर में सक्रिय कथित दलालों की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
पूरा मामला भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के इटिमा गांव का है। गांव निवासी बालामुनी कुंवर की तबीयत खराब होने पर उनके बेटे धर्मेंद्र पासवान गुरुवार दोपहर करीब दो बजे उन्हें आरा मॉडल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लेकर पहुंचे थे। धर्मेंद्र का आरोप है कि अस्पताल पहुंचते ही एक युवक उनके पीछे पड़ गया और इलाज, सुई-दवा तथा अन्य व्यवस्था कराने के नाम पर एक हजार रुपये ले लिए।इसके बाद शाम करीब सात बजे डॉक्टर के साथ आए एक दूसरे युवक ने खून की जांच कराने के नाम पर उनसे 1600 रुपये वसूल लिए। इस तरह कुल 2600 रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। धर्मेंद्र के मुताबिक, उन्हें बाहर से सुई भी खरीदनी पड़ी। इसके लिए पहले 520 रुपये की दो सुई और बाद में 80 रुपये की एक अन्य सुई खरीदी।
इस मामले में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर प्रवीण कुमार ने कहा कि उन्होंने मरीज की कोई जांच नहीं लिखी थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जांच का आदेश ही नहीं दिया गया तो ब्लड सैंपल किसने लिया और पैसे किसने वसूले? डॉक्टर ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।इधर, मां की स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि, कथित वसूली और अस्पताल की व्यवस्था से नाराज बेटे ने मां को पटना ले जाने से इनकार कर दिया। उसने अपनी मां के समुचित इलाज और कथित तौर पर वसूले गए पैसे वापस दिलाने की मांग की है।
अब सवाल उठता है कि सरकारी अस्पताल में मुफ्त इलाज और जांच की व्यवस्था के बावजूद गरीब मरीजों के परिजनों से पैसे कौन वसूल रहा है? फिलहाल मामले की जांच और अस्पताल प्रबंधन की कार्रवाई का इंतजार है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार