Katihar bike theft: कटिहार में दिनदहाड़े बाइक चोरी! बैंक के बाहर से आराम से बाइक लेकर फरार हुआ चोर, CCTV में कैद वारदात

Katihar bike theft: कटिहार के अंबेडकर चौक स्थित इंडियन बैंक के बाहर दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना सामने आई। सीसीटीवी में चोर आराम से बाइक ले जाते हुए कैद हुआ, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कटिहार दिनदहाड़े बाइक चोरी!- फोटो : news4nation

कटिहार में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना ने पुलिस को चुनौती दे दी है। यह मामला सहायक थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक स्थित इंडियन बैंक के बाहर का है, जहां एक चोर आराम से बाइक लेकर फरार हो गया। पूरी घटना बैंक के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर करीब 12:50 से 1 बजे के बीच एक व्यक्ति पैदल बैंक के पास पहुंचा। वह कुछ देर तक वहां खड़ी बाइक के आसपास घूमता रहा। इसके बाद उसने बाइक में चाबी लगाई, उसे खोला और आराम से बाइक पर बैठकर मिरचाईबाड़ी हनुमान मंदिर की दिशा में निकल गया।

पीड़ित युवक का बयान

पीड़ित युवक विशाल कुमार ने बताया कि बाइक उनके पिता के नाम पर है। वह उसी बाइक से अंबेडकर चौक के पास स्थित बैंक में अपने दोस्त के साथ नया खाता खुलवाने आए थे। बैंक के बाहर बाइक खड़ी करके वह अंदर चले गए थे। जब वह कुछ देर बाद बैंक से बाहर निकले तो उनकी बाइक वहां नहीं थी। विशाल कुमार ने बताया कि बाइक के साथ उसके सभी जरूरी और असली कागजात भी थे, जो चोर बाइक के साथ ही ले गया। घटना के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

बिहार पुलिस की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची

सूचना मिलने पर बिहार पुलिस की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की, जिसमें चोरी की पूरी घटना साफ दिखाई दे रही है। फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने और बाइक बरामद करने की कोशिश कर रही है।

कटिहार से श्याम कुमार सिंह