Bihar Crime : कटिहार में डकैती की बड़ी साजिश नाकाम, पुलिस ने हथियार और स्मैक के साथ 6 बदमाशों को दबोचा, एक बालिग निरुद्ध

Bihar Crime : कटिहार में डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है.....पढ़िए आगे

वारदात से पहले गिरफ़्तारी - फोटो : SHYAM

KATIHAR : जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डकैती की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिए जाने से पहले ही विफल कर दिया है। पुलिस ने महियारपुर स्थित एक ईंट भट्ठे के पीछे घेराबंदी कर 6 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध (नाबालिग) बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस की इस तत्परता से इलाके में होने वाली एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई।

डीएसपी के नेतृत्व में टीम ने की छापेमारी

घटना के संबंध में मनिहारी के एसडीपीओ/डीएसपी सद्दाम हुसैन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ईंट भट्ठे के पीछे कुछ अपराधी हथियारबंद होकर किसी बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही मनिहारी थाना पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और बताई गई जगह पर दबिश दी। पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर मौके पर मौजूद सभी आरोपियों को धर दबोचा।

अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस और स्मैक बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी लेने पर पुलिस को उनके पास से एक देसी पिस्टल, मैगजीन में लोड एक जिंदा कारतूस, 9.6 ग्राम स्मैक (मादक पदार्थ), 5 मोबाइल फोन, 2,311 रुपये नकद और अपराध में इस्तेमाल की जाने वाली 2 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। पुलिस ने बरामद सभी सामानों को जब्त कर लिया है और यह पता लगा रही है कि पिस्टल कहां से लाई गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

पुलिस द्वारा पकड़े गए बालिग आरोपियों की पहचान मोहम्मद तनवीर, मोहम्मद मुशरलीम, पवन कुमार चौधरी, विकास कुमार, अंकित कुमार और प्रीतम कुमार के रूप में हुई है। वहीं, मामले में शामिल एक किशोर को विधि-विरुद्ध बालक के रूप में निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मनिहारी थाना पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और डकैती की योजना बनाने से जुड़ी संबंधित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है और पूछताछ के माध्यम से उनके अन्य साथियों व नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

श्याम की रिपोर्ट