Katihar smuggling case: कटिहार में 800 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त, धान की आड़ में हो रही थी तस्करी

Katihar smuggling case: कटिहार में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धान की बोरियों के नीचे छिपाकर लाई जा रही 800 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की। दो तस्कर गिरफ्तार।

कटिहार में तस्करी का नया तरीका- फोटो : news4nation

Katihar smuggling case: बिहार के कटिहार जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। यह खेप बंगाल की तरफ से एक पिकअप वैन में लाई जा रही थी। पुलिस ने धान की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई करीब 800 लीटर कफ सिरप जब्त की है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, बलिया बेलोन थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल की ओर से नशीले पदार्थों की बड़ी खेप कटिहार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष मो. शाहिद के नेतृत्व में झौआ चेक पोस्ट के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान पुलिस को एक पिकअप वैन संदिग्ध लगी। पुलिस ने वाहन को रोककर उसकी तलाशी शुरू की। शुरुआत में वाहन में धान की बोरियां लदी दिखाई दीं, लेकिन पुलिस को शक होने पर वाहन को बलिया बेलोन थाना लाया गया और वहां गहराई से जांच की गई।जब पुलिस ने धान की बोरियां हटाईं तो नीचे बड़ी संख्या में कार्टून रखे मिले। कार्टून खोलने पर उसमें प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से पूरी खेप जब्त कर ली।

कार्रवाई की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई

थाना अध्यक्ष मो. शाहिद ने बताया कि इस कार्रवाई की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह नशीली खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

कटिहार  से श्याम कुमार सिंह