कटिहार में रील का 'खतरनाक' शौक: हथियार लहराते दो युवकों का वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच

Bihar News : कटिहार में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की होड़ अब खतरनाक रूप लेती नजर आ रही है। जिले में सोशल मीडिया पर दो युवकों का खुलेआम हथियार लहराते वीडियों वायरल हो रहा है....

Katihar : सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने की सनक युवाओं को अपराध की राह पर धकेल रही है। ताजा मामला कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र के कौवा बारी इलाके से सामने आया है, जहां दो युवकों ने फिल्मी अंदाज में हथियार लहराते हुए रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया है। इधर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवकों की तलाश शुरू कर दी है।


पिस्टल और रॉड के साथ दिखाई दबंगई 

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो युवक हाथ में पिस्टल और लोहे की रॉड लेकर बिना किसी खौफ के कैमरे के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। सार्वजनिक स्थान पर खुलेआम हथियारों का यह प्रदर्शन न केवल गैरकानूनी है, बल्कि कानून-व्यवस्था को भी खुली चुनौती दे रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ये युवक क्षेत्र में अपनी धौंस जमाने और 'डिजिटल पॉपुलैरिटी' हासिल करने के लिए अक्सर ऐसी हरकतें करते हैं।


आरोपियों की हुई पहचान 

वीडियो के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों की शिनाख्त कर ली है। इनकी पहचान मनसाही थाना क्षेत्र के छोटी बथना (वार्ड संख्या 8) निवासी मो. तजमुल (23 वर्ष) और मो. कलाम (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो में दिख रहा हथियार असली है या महज कोई दिखावटी खिलौना।


कानून-व्यवस्था पर उठते सवाल 

इस घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति और सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लोकप्रियता पाने की इस अंधी दौड़ में युवा न केवल अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं, बल्कि समाज में भय और असुरक्षा का माहौल भी पैदा कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से मांग की है कि ऐसे प्रदर्शनों पर नकेल कसी जाए ताकि दूसरे युवाओं को इससे सीख मिले।


पुलिस की कार्रवाई और चेतावनी 

मनसाही थाना पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यदि जांच में हथियार असली पाए जाते हैं, तो दोनों युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर ऐसी कोई भी गतिविधि न करें जो कानून के दायरे से बाहर हो और समाज के लिए खतरा पैदा करे।


श्याम की रिपोर्ट