ट्रैक्टर वाली बारात ने मचाई धूम, दूल्हा खुद थामे स्टेयरिंग, दो दर्जन से ज्यादा खेत जोतने की मोटरगाड़ी का काफिला देख ठिठके लोग

Bihar Wedding: एक शादी की बारात इन दिनों चर्चा का सबब बनी हुई है।...

ट्रैक्टर वाली बारात ने मचाई धूम- फोटो : reporter

Bihar Wedding: एक शादी की बारात इन दिनों चर्चा का सबब बनी हुई है। आमतौर पर शादी-ब्याह में दूल्हे की बारात महंगी कारों, लग्जरी गाड़ियों और बैंड-बाजे के साथ निकलती है, लेकिन कटिहार के फलका में एक दूल्हे ने दिखावे से इतर ऐसा देसी अंदाज अपनाया कि गांव की गलियों से लेकर सोशल मीडिया तक उसकी खूब चर्चा हो रही है। यहां दूल्हा खुद ट्रैक्टर की स्टेयरिंग थामकर बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा।

मामला फलका थाना क्षेत्र के मोरसंडा पंचायत के मांगणपट्टी गांव का है। वार्ड संख्या 12 निवासी मो. महबूब के बेटे दिलशाद उर्फ राजा की शादी मोरसंडा गांव निवासी मोहम्मद आबिद की बेटी रौनक परवीन के साथ तय हुई थी। शादी के दिन जब बारात निकली तो नजारा देखकर गांव के लोग भी हैरान रह गए।

दूल्हा राजा खुद ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट पर बैठा और स्टेयरिंग थामकर दुल्हन के घर की ओर निकल पड़ा। उसके पीछे एक-दो नहीं, बल्कि दो दर्जन से अधिक ट्रैक्टरों का काफिला चल रहा था। ट्रैक्टरों पर बाराती सवार थे और पूरा काफिला गांव की सड़कों से गुजरता हुआ शादी समारोह की ओर रवाना हुआ।दूल्हे को खुद ट्रैक्टर चलाते देखकर सड़क किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं इस अनोखी बारात को देखने के लिए घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दूल्हे दिलशाद उर्फ राजा ने बताया कि वह किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। ट्रैक्टर उनके परिवार की खेती-किसानी और रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा है। इसलिए उन्होंने अपनी जिंदगी के इस खास मौके पर भी ट्रैक्टर को ही बारात का साथी बनाने का फैसला किया।

उनका कहना है कि इस अंदाज के पीछे किसी तरह का दिखावा नहीं, बल्कि सादगी, अपनी मिट्टी और किसान जीवन से जुड़ाव का संदेश है।महंगी गाड़ियों के काफिले से अलग यह अनोखी बारात अब फलका इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। दूल्हे की स्टेयरिंग और पीछे दौड़ते दर्जनों ट्रैक्टरों ने शादी को ऐसा देसी रंग दिया कि देखने वाले भी कह उठे बारात हो तो ऐसी!

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह