Katihar woman assault: खंभे से बांधकर महिला की बेरहमी से पिटाई! कटिहार में वीडियो वायरल, जांच शुरू

Katihar woman assault: कटिहार के आजमनगर में महिला को खंभे से बांधकर पीटने का वीडियो वायरल हुआ है। महिला ने पूर्व पति और उसके परिवार पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

Katihar woman assault: कटिहार के आजमनगर थाना क्षेत्र के रामपुर कदमगाछी गांव से महिला के साथ मारपीट का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक महिला को कथित तौर पर खंभे से बांधकर पीटते हुए देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


महिला ने आरोप लगाया है कि रामपुर गांव के रहने वाले मोहम्मद नाहिद, जो उसके पहले पति हैं, और उनके परिवार के कुछ सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की। महिला के अनुसार, मारपीट के दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए गए और बाद में उसे खंभे से बांधकर काफी देर तक पीटा गया।


पीड़िता का आरोप


पीड़िता का आरोप है कि घटना के समय आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। महिला ने यह भी कहा कि उसने प्यास लगने पर पानी मांगा, लेकिन उसे पानी नहीं दिया गया। उसने अपने साथ गलत व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया है।


पांच साल पहले हुई थी शादी, बाद में हो गया था तलाक


बताया गया है कि महिला की यह दूसरी शादी है। करीब पांच साल पहले उसकी शादी मोहम्मद नाहिद से हुई थी। बाद में दोनों का तलाक हो गया। तलाक के बाद महिला ने दूसरी शादी कर ली और अब वह अपने दूसरे परिवार के साथ रहती है। महिला के अनुसार, इसी पुराने पारिवारिक विवाद के बीच उसके साथ मारपीट की घटना हुई। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगी।


112 पर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस


घटना की जानकारी किसी व्यक्ति ने पुलिस के इमरजेंसी नंबर 112 पर दी। सूचना मिलने के बाद आजमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को खंभे से मुक्त कराया। पुलिस ने महिला को कदमगाछी गांव स्थित उसके ससुराल पहुंचाया। वहां परिवार के लोगों ने उसका इलाज कराया। इसके बाद महिला ने आजमनगर थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की।


मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी


पीड़िता का कहना है कि घटना को करीब 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं, पुलिस के अनुसार महिला के आवेदन के आधार पर आजमनगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई जारी है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके।

कटिहार से श्याम सिंह की रिपोर्ट