कटिहार में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 19 लाख की नशीली दवाओं के साथ एक गिरफ्तार
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कटिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दवा दुकान के गोदाम से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप और नशीली गोली बरामद किया है। वहीं मौके से पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है....
Katihar : जिले की नगर थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटेल चौक स्थित 'शिव शक्ति फार्मा' में छापेमारी की है। डीएसपी विशाल आनंद के नेतृत्व में पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दुकान और उसके गोदाम में दबिश दी। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के अवैध दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
भागने की कोशिश कर रहा आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखते ही दुकान में मौजूद एक व्यक्ति ने मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि, मुस्तैद पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे तुरंत दबोच लिया। हिरासत में लेकर की गई पूछताछ में उसकी पहचान संजय कुमार सिन्हा के रूप में हुई है, जो इस दुकान और गोदाम से अवैध दवाओं का नेटवर्क चला रहा था।
357 बोतल कफ सिरप और 13,720 नशीली गोलियां जब्त, कीमत 19 लाख रुपये
गोदाम की तलाशी के दौरान पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम को बड़े पैमाने पर अवैध दवाओं का जखीरा मिला। मौके से 357 बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप और 13,720 नशीली गोलियां बरामद की गईं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद की गई इन नशीली दवाओं की बाजार में कुल कीमत लगभग 19 लाख रुपये आंकी गई है।
46 तरह की दवाओं के 51 कार्टन सील, नहीं मिले वैध कागजात
छापेमारी के दौरान केवल नशीली गोलियां ही नहीं, बल्कि कई अन्य दवाएं भी पाई गईं जिनके रखरखाव के लिए संचालक के पास कोई बिल या कानूनी कागजात मौजूद नहीं थे। बिना कागजात के बेची जा रही ऐसी 46 अलग-अलग तरह की दवाओं के 51 कार्टन ड्रग इंस्पेक्टर ने जब्त कर लिए और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, पुलिस खंगाल रही सप्लाई चैन के तार
पुलिस ने आरोपी संजय कुमार सिन्हा के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाओं की खेप कहां से मंगवाई गई थी और इस अवैध धंधे में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।
श्याम की रिपोर्ट