कटिहार मे बड़ा हादसा : पोखर में डूबने से मासूम भाई-बहन की मौत, गांव में पसरा मातम
कटिहार जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां पोखर में डूबने से दो सगे भाई-बहन की मौत हो गई। दोनो बच्चे खेलते-खेलते पास के पोखर में चले गए, जहां डूबने से उनकी जान चली गई.....
Katihar : जिले के मनिहारी प्रखंड अंतर्गत महेशाडीह गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम भाई-बहन की पोखर में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे घर के समीप खेल रहे थे और इसी दौरान खेलते-खेलते पास के पोखर में चले गए, जहां डूबने से उनकी जान चली गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है, जबकि पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
वार्ड नंबर-9 निवासी चतुर सोरेन के बच्चे थे मृतक, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
मृत बच्चों की पहचान महेशाडीह गांव के वार्ड संख्या-9 निवासी चतुर सोरेन के पुत्र प्रेम सोरेन (7 वर्ष) और पुत्री विनिता सोरेन (5 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे परिवार के इकलौते भाई-बहन थे और उनका परिवार बेहद गरीब है। बच्चों की असमय मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुखिया प्रतिनिधि ने दी प्रशासन को सूचना, पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेजे गए शव
घटना की जानकारी मिलते ही मनोहरपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि ललन कुमार यादव मौके पर पहुंचे और तत्काल अंचलाधिकारी तथा मनिहारी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मनिहारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेजने की कागजी कार्रवाई की।
पीड़ित परिवार को दी गई आर्थिक मदद, सरकारी सहायता दिलाने की अपील
इस दुखद घड़ी में मुखिया प्रतिनिधि ललन कुमार यादव ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की अपील की।
श्याम की रिपोर्ट