Muzaffarpur SSP Kantesh Mishra: बेतिया ज्वेलरी लूट के बाद सर्राफा मंडी में सुरक्षा बैठक, गश्त बढ़ाने के निर्देश

बेतिया स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में विगत दिनों दिनदहाड़े हथियार के बल पर हुई बड़ी लूट की घटना के बाद पुलिस मुख्यालय ने आभूषण कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर कई निर्देश जारी किए हैं और सभी वरीय पुलिस अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है।

uzaffarpur SSP Sarrafa Bazaar Meeting
बेतिया ज्वेलरी लूट के बाद मुजफ्फरपुर में एसएसपी ने सर्राफा कारोबारियों के साथ बैठक- फोटो : Reporter

बिहार के बेतिया स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में विगत दिनों दिनदहाड़े हथियार के बल पर हुई बड़ी लूट की घटना के बाद पुलिस मुख्यालय ने आभूषण कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर कई निर्देश जारी किए हैं और सभी वरीय पुलिस अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है। इसी क्रम में मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा एक्शन में दिखे और नगर थाना क्षेत्र के माखन साह चौक स्थित सर्राफा बाजार पहुंचे, जो जिले का सबसे बड़ा स्वर्ण कारोबारी केंद्र है।


सर्राफा कारोबारियों के साथ बैठक और सुझाव


सर्राफा बाजार पहुंचने के बाद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने स्वर्ण व्यवसायियों से मुलाकात की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनके साथ बैठक कर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। बैठक के दौरान कारोबारियों ने अपनी सुरक्षा से जुड़े कई सुझाव साझा किए, जिन पर पुलिस प्रशासन की ओर से जल्द ही अमल करने का आश्वासन दिया गया।


सीसीटीवी, गश्त और पुलिस पिकेट पर मंथन


बैठक के बाद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि स्वर्ण कारोबारियों के साथ हुई चर्चा में बाजार की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, नियमित पुलिस गश्त और पुलिस पिकेट स्थापित करने जैसे विषयों पर विस्तार से बात हुई है। उन्होंने कारोबारियों को हरसंभव सुरक्षा का भरोसा दिलाया।


स्वर्ण मंडी में गश्त दुरुस्त करने के निर्देश


एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कारोबारियों से मिले सुझावों के आधार पर सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को स्वर्ण मंडी क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्त को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट